समाचार · मध्य प्रदेश
ईएसबी ने जारी किया वन रक्षक, जेल प्रहरी परीक्षा रिजल्ट:14950 उम्मीदवार पास हुए, सहायक जेल अधीक्षक, क्षेत्र रक्षक के भी रिजल्ट
कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने वनरक्षक, क्षेत्ररक्षक, जेलप्रहरी एवं सहायक जेल अधीक्षक भर्ती परीक्षा-2026 का परिणाम जारी कर दिया गया है। परीक्षा में कुल 14,950 उम्मीदवारों को दूसरे चरण की परीक्षा-चयन प्रक्रिया के लिए पात्र घोषित किया गया है। सहायक जेल अधीक्षक एवं जेल प्रहरी के रिक्त पदों के 10 गुना तथा वनरक्षक एवं क्षेत्ररक्षक के रिक्त पदों के 5 गुना अभ्यर्थियों को मेरिट और आरक्षण नियमों के आधार पर दूसरे चरण के लिए बुलाया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन भर्ती परीक्षा 4 जून से 20 जून तक ली गई थी। मंडल ने ऑनलाइन परीक्षा के बाद आदर्श उत्तर कुंजी वेबसाइट पर अपलोड कर उम्मीदवारों से आपत्तियां बुलाई थीं। इसके बाद अंतिम उत्तर समिति के विषय विशेषज्ञों ने इस पर समग्र रूप से विचार किया। उत्तरों को अंतिम रूप देकर उसी के आधार पर परीक्षा परिणाम तैयार किया गया है। ESB के अनुसार, वन एवं जेल विभाग तथा वन विकास निगम लिमिटेड के निर्देशों के अंतर्गत वर्तमान परिणाम में सभी उम्मीदवारों के प्राप्तांक प्रदर्शित नहीं किए गए हैं। चयन प्रक्रिया के सभी चरण पूरे होने के बाद उम्मीदवारों के प्राप्तांक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे। दस्तावेजों का सत्यापन विभाग करेगा मंडल के अनुसार ऑनलाइन आवेदन के दौरान प्रतिभागियों से दस्तावेज, अंकसूची और प्रमाण-पत्र आदि नहीं मांगे गए थे। इसलिए दूसरे चरण में पात्र उम्मीदवारों की श्रेणी, संवर्ग, लिंग, जन्मतिथि, मध्यप्रदेश का स्थायी निवासी होने तथा अन्य पात्रता संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन संबंधित विभाग द्वारा किया जाएगा। उम्मीदवार अपना परीक्षा परिणाम और दूसरे चरण के लिए पात्र उम्मीदवारों की जानकारी ESB की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं। ESB ने यह भी स्पष्ट किया है कि परिणाम जारी होने के बाद यदि कोई तकनीकी त्रुटि सामने आती है, तो मंडल को परिणाम में आवश्यक सुधार करने का अधिकार सुरक्षित रहेगा।