समाचार · मध्य प्रदेश
राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए कलेक्टर से मिले कांग्रेसी:इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ के लिए मांगी परमिशन, चौकसे बोले- उनके नाम का फोबिया हो गया
इंदौर में राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ को लेकर कांग्रेस की तैयारियां जारी हैं, लेकिन कार्यक्रम स्थल को लेकर अब भी असमंजस बना हुआ है। कांग्रेस नेता रीजनल पार्क के सामने आईडीए के खाली मैदान की अनुमति के लिए प्रयास कर रहे हैं। इसके अलावा भंवरकुआं इलाके में भी वैकल्पिक जगह तलाशने की कवायद चल रही है। दरअसल, 19 सितंबर को इंदौर में राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम प्रस्तावित है। कांग्रेसजन इसकी तैयारियों में जुटे हैं। छात्रों को जोड़ने के साथ बैठकों का दौर भी जारी है। हालांकि, कार्यक्रम स्थल अब तक तय नहीं हो पाया है। कांग्रेस ने रीजनल पार्क के सामने आईडीए के खाली मैदान में कार्यक्रम की अनुमति मांगी है, लेकिन अभी तक परमिशन नहीं मिली है। सरकार को राहुल गांधी के नाम का फोबिया हो गया शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि सभी को पता है कि 19 सितंबर को राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम इंदौर में होने जा रहा है। यह कार्यक्रम छात्रों के हितों और उनके भविष्य की रक्षा के लिए आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सरकार से कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम देने की उम्मीद की थी, लेकिन अनुमति नहीं मिली। चौकसे ने आरोप लगाया कि सरकार राहुल गांधी से डरती है और उसे राहुल गांधी के नाम का फोबिया हो गया है। इसी कारण नियम-कायदे और कानून का हवाला देकर नेहरू स्टेडियम देने से इनकार किया जा रहा है। तीन जगह में से एक जगह देने की मांग
चौकसे ने कहा कि कांग्रेस ने कलेक्टर से तीन स्थानों में से किसी एक जगह पर कार्यक्रम की अनुमति मांगी है। इनमें रीजनल पार्क के सामने खाली मैदान, खंडवा रोड स्थित यूनिवर्सिटी का खाली ग्राउंड और जीएसीसी कॉलेज के पीछे का खाली मैदान शामिल है। कांग्रेस की मांग है कि इन तीनों में से किसी एक स्थान पर कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति दी जाए। बीजेपी से जुड़े नेता ने कांग्रेस नेता को किया फोन
इधर, पश्चिम क्षेत्र के बीजेपी से जुड़े एक नेता ने कांग्रेस नेता विवेक खंडेलवाल को फोन किया। खंडेलवाल ने भी इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बीजेपी से जुड़े नेता ने फोन कर अपने परिवार के बच्चों की राहुल गांधी से मुलाकात को लेकर चर्चा की। खंडेलवाल के मुताबिक, उन्होंने बीजेपी नेता को इस संबंध में जीतू भैया या सज्जन भैया से बात करने के लिए कहा है।