Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

युवती की हत्या के मामले में पर मां-भाई पर केस:प्रेमी की रिकॉर्डिंग से खुला राज; पहले प्रेमी को ही बनाया गया था आरोपी

INT News7 July 2026 at 02:44 pm

इंदौर के हीरानगर क्षेत्र में रहने वाली ज्योति अग्रवाल की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने ज्योति की मां शीतल अग्रवाल और भाई प्रकाश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। शुरुआत में दोनों ने ज्योति के प्रेमी मयंक साहू पर गंभीर आरोप लगाए थे, लेकिन जांच के दौरान सामने आए सबूतों के बाद मामला पलट गया। हीरानगर थाना प्रभारी सुशील पटेल के मुताबिक, ज्योति की मौत 3 अप्रैल को हुई थी। उससे एक दिन पहले यानी 2 अप्रैल की रात घर में विवाद हुआ था, जिसमें मां और भाई ने उसके साथ मारपीट की थी। पुलिस का दावा है कि बाद में इस मौत को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई। इसके लिए घटनास्थल का पूरा सीन बदला गया और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी डिलीट कर दी गई। हालांकि पुलिस अब तक वह रिकॉर्डिंग रिकवर नहीं कर सकी है। प्रेमी को बनाया गया था आरोपी शीतल और प्रकाश ने शुरुआती बयान में पुलिस को बताया था कि ज्योति का एक वीडियो उसके प्रेमी मयंक साहू के पास था। उनका आरोप था कि मयंक उसी वीडियो के आधार पर ज्योति को ब्लैकमेल कर रहा था और उससे 5 लाख रुपए ले चुका था। लेकिन जब पुलिस ने मयंक से पूछताछ की तो उसने बताया कि रुपए व्यापारिक लेन-देन के थे। उसने दावा किया कि बाद में उसने ज्योति को 31 ग्राम सोना खरीदकर वापस कर दिया था। रिकॉर्डिंग से बदली जांच की दिशा मयंक ने पुलिस को एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी। यह रिकॉर्डिंग 2 अप्रैल की रात की थी, जिसमें ज्योति अपने दोस्त कुशाल से बात कर रही थी। रिकॉर्डिंग में वह कह रही थी कि उसकी मां और भाई उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और पुलिस को सूचना देने के लिए कह रही है। हालांकि कुशाल ने पुलिस को सूचना नहीं दी, बल्कि उसने यह जानकारी मयंक को दी। अगले दिन मयंक को ज्योति की मौत की खबर मिली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बढ़ा शक 7 अप्रैल को पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट में ज्योति के सिर पर दो गंभीर चोटों के अलावा हाथ, पैर और शरीर पर करीब 10 चोटों के निशान मिले। जब पुलिस ने इन चोटों के बारे में मां और भाई से पूछताछ की तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। वहीं सीसीटीवी रिकॉर्डिंग डिलीट होने को लेकर भी स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाए। इसके बाद पुलिस का शक और गहरा गया। शादी करना चाहते थे दोनों पुलिस के मुताबिक, ज्योति के पिता दौलतमल मसालों का कारोबार करते हैं। मयंक भी इसी व्यवसाय से जुड़ा है। दोनों स्कूल के समय से एक-दूसरे को जानते थे और शादी करना चाहते थे। लेकिन ज्योति की मां और भाई इस रिश्ते के खिलाफ थे। 2 अप्रैल की रात भी मयंक से मिलने की बात को लेकर घर में विवाद हुआ था। मयंक ने पुलिस को बताया कि दोनों परिवार की मर्जी के बिना अलग रहकर शादी करना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने मकान खरीदने के उद्देश्य से करीब 25 लाख रुपए भी जमा कर लिए थे। मामले में जांच की जा रही है पुलिस के अनुसार, मारपीट के बाद ज्योति की तबीयत बिगड़ गई थी। जांच में सामने आया है कि इसके बाद मां और भाई ने उसे जबरन जहर पिलाया। इसी आधार पर सोमवार रात दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है और आगे और तथ्य सामने आ सकते हैं।