समाचार · मध्य प्रदेश
पुलिस ने समझाइश देने युवक को बुलाया:विदिशा में भरण-पोषण नहीं देने पर पत्नी ने की थी शिकायत, बोली- पति ने थाना परिसर में खाया जहर
विदिशा के सिविल लाइन थाने में भरण-पोषण विवाद की समझाइश के लिए बुलाए गए एक युवक ने थाना परिसर में कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना मंगलवार की है। युवक की तबीयत बिगड़ने पर पुलिस ने उसे तुरंत अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत अब खतरे से बाहर है। सिविल लाइन थाना प्रभारी राजपाल सिंह जादौन ने बताया कि पूरनपुरा निवासी एक महिला ने अपने पति आकाश प्रजापति के खिलाफ भरण-पोषण की राशि नहीं देने की शिकायत की थी। इसी मामले में मंगलवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था। बातचीत के दौरान पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद आकाश प्रजापति थाना परिसर से गया और अपने पास रखे कथित जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। उसकी हालत बिगड़ते ही थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। भरण-पोषण नहीं देने पर दोबारा की थी शिकायत
पुलिस के अनुसार, महिला ने पहले अपने पहले पति से अलग होने के बाद आकाश प्रजापति से कोर्ट मैरिज की थी। वर्ष 2020 में दोनों के बीच विवाद हुआ और वे अलग रहने लगे। इसके बाद महिला ने न्यायालय में भरण-पोषण का मामला दायर किया। आकाश कुछ समय तक भरण-पोषण की राशि देता रहा, लेकिन हाल ही में भुगतान बंद होने पर महिला ने दोबारा शिकायत दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी राजपाल सिंह जादौन ने बताया कि आकाश प्रजापति का मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।