समाचार · हरियाणा
1300 अपराधियों का पंचकूला पुलिस बना रही डिजिटल रिकॉर्ड:CCTV में चेहरा दिखते ही खुलेगी पूरी कुंडली; गैंगस्टर नेटवर्क की होगी मैपिंग
पंचकूला पुलिस बदमाशों पर शिकंजा कसने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा ले रही है। पुलिस जिले के करीब 1300 अपराधियों का विस्तृत डिजिटल डेटाबेस तैयार कर रही है। इसके साथ ही अपराधियों का फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) रिकॉर्ड भी बनाया जा रहा है। इसका फायदा यह होगा कि किसी वारदात के बाद CCTV फुटेज में संदिग्ध का चेहरा दिखाई देने पर पुलिस उसे अपने डेटाबेस से मैच कर सकेगी। इससे संदिग्ध की पहचान और उसे ट्रैक करने में मदद मिलेगी। अपराधियों की निगरानी के लिए पुलिस तकनीक के साथ फील्ड इंटेलिजेंस और मानव स्रोतों का भी इस्तेमाल कर रही है। विशेष टीमें अपराधियों के पते, संपर्क और गतिविधियों की जानकारी जुटा रही हैं। अपराधियों की इन जानकारियों का बनेगा रिकॉर्ड डिजिटल और व्यक्तिगत जानकारी: फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स हैंडल के साथ मोबाइल नंबर, आधार, फैमिली आईडी और पैन नंबर का रिकॉर्ड। बैंक और वाहन संबंधी जानकारी: बैंक खाते, नाम या उपयोग में रजिस्टर्ड वाहन, व्यवसाय और घर का पता। ताजा फोटो: पहचान के लिए अपराधियों की नई तस्वीरें लेकर सिस्टम में अपलोड की जाएंगी। जमानत और पैरोल का रिकॉर्ड: दर्ज मुकदमों की संख्या, जेल आने-जाने का रिकॉर्ड, जमानत देने वाले व्यक्ति की जानकारी और पैरोल से फरार रहने का विवरण। वर्तमान गतिविधियां: अपराधी अभी क्या काम कर रहा है और उसकी रोजमर्रा की गतिविधियां क्या हैं, इसकी जानकारी जुटाई जाएगी। CCTV फुटेज से मिनटों में मिलेगा सुराग फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) के जरिए वारदात के बाद CCTV फुटेज में दिखने वाले संदिग्ध के चेहरे का डेटाबेस में मौजूद तस्वीरों से मिलान किया जा सकेगा। इससे पुलिस को संदिग्ध की पहचान करने में मदद मिलेगी। 1 अगस्त से शुरू किए गए इस अभियान के तहत सभी थानों को अपने क्षेत्र के अपराधियों की निगरानी करने और उनका FRS रिकॉर्ड सिस्टम पर अपलोड करने का लक्ष्य दिया गया है। रिस्क असेसमेंट से तय होगा अपराधियों का जोखिम स्तर डेटाबेस में दर्ज जानकारी के आधार पर अपराधियों की सामाजिक पृष्ठभूमि, व्यक्तिगत संपर्क और संभावित आपराधिक नेटवर्क की मैपिंग की जा रही है। इसके बाद उन्हें अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर जोखिम स्तर तय किया जाएगा। इससे पुलिस को आकलन करने में मदद मिलेगी कि कौन-सा अपराधी दोबारा वारदात कर सकता है और किसके किसी बड़े गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका है।