समाचार · उत्तर प्रदेश
"दिन में चोरी, रात में फरारी", 4 जिलों की पुलिस को चकमा देने वाली 'Lady Don' गिरफ्तार, ऐसे टूटी मंजू की सल्तनत

UP News: उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित महिला गैंग लीडर मंजू को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, मंजू अंतरजनपदीय स्तर पर सक्रिय संगठित चोर गिरोह की सरगना है. यह गिरोह बाजारों, दुकानों और वाहनों समेत भीड़भाड़ वाले स्थानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात करता था. गिरफ्तारी के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मंजू को न्यायालय भेजा गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पकड़ा
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर महाराजगंज में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में बृजमनगंज पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित मंजू पत्नी विजय बहादुर को गिरफ्तार कर लिया. वह गोरखपुर जिले के एम्स थाना क्षेत्र स्थित आराजी मतौनी, कुसुमी बाजार की रहने वाली है.
बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चोरी
पुलिस की जांच के मुताबिक, मंजू एक संगठित चोर गिरोह का संचालन करती थी. गिरोह के सदस्य महाराजगंज और गोरखपुर के बाजारों, दुकानों और वाहनों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे. पुलिस का कहना है कि आर्थिक और भौतिक लाभ के लिए गिरोह के सदस्य मिलकर सुनियोजित तरीके से वारदात करते थे. गिरोह में चार अन्य महिलाएं और एक पुरुष भी शामिल हैं.
चार जिलों में दर्ज हैं पांच मुकदमे
पुलिस के अनुसार, मंजू का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. उसके खिलाफ गोरखपुर के गुलहरिहा और राजघाट थाने के अलावा महाराजगंज के नौतनवा और बृजमनगंज थाने में चोरी से जुड़े पांच मामले दर्ज हैं. गिरोह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए बृजमनगंज थाने में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था.
इस टीम ने की गिरफ्तारी
मंजू की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा, उप निरीक्षक निरंजन राय, उप निरीक्षक आलोक यादव, महिला उप निरीक्षक अर्चना यादव, कांस्टेबल हृदयराम यादव, संदीप गौतम, राहुल तिवारी और महिला कांस्टेबल अंजलि सिंह शामिल रहे. पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
Must Read- "थाने के Toilet में लुंगी से लगाया फंदा", बच्ची से छेड़छाड़ के आरोपी पुजारी की मौत, बेटे ने खोली पूरी पोल