समाचार · पंजाब
अनाज मंडी शौचालय में युवक का शव मिला:नशे के ओवरडोज से मौत की आशंका, मौके पर मिला सिरिंज-पन्नियों का अंबार
बरनाला शहर की मुख्य अनाज मंडी स्थित सार्वजनिक शौचालय में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। घटना की खबर जंगल में आग की तरह फैली और देखते ही देखते मौके पर लोगों का हुजूम जुट गया। स्थानीय दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक की मौत नशे के ओवरडोज के कारण हुई है। घटनास्थल पर जमा हुए लोगों और व्यापारियों का आरोप है कि मंडी परिसर और सार्वजनिक शौचालय असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों के सुरक्षित अड्डे बन चुके हैं। शौचालयों के भीतर और आसपास नशे की खाली शीशियां, इस्तेमाल की गई सिरिंज (सूइयां) और जली हुई पन्नियां बिखरी रहना आम बात हो चुकी है। पुलिस को देखते ही भागते हैं नशेड़ी, स्थायी समाधान की मांग आढ़तिया नेता कृष्ण बिट्टू ने इस दुखद घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए मंडी के सुरक्षा तंत्र पर सवाल उठाए। मंडी के सभी व्यापारी और दुकानदार यहाँ लगातार जमा होने वाले नशेड़ियों से बेहद खौफजदा और परेशान हैं। शौचालयों के भीतर खुलेआम नशा किया जाता है, जिससे आम नागरिक डर के मारे आवाज उठाने से कतराते हैं। जब पुलिस की गाड़ी गश्त पर आती है तो ये नशेड़ी भाग निकलते हैं, लेकिन पुलिस के जाते ही हालत जस के तस हो जाते हैं। प्रशासन को इसका स्थायी समाधान निकालना होगा।" पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक तौर पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक और सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।