समाचार · मध्य प्रदेश
शिक्षकों-कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर अजाक्स का प्रदर्शन:दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
अशोकनगर अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (अजाक्स) ने सोमवार शाम कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया। इसके बाद संघ पदाधिकारी और कर्मचारी रैली के रूप में तहसीलदार आलोक श्रीवास्तव के पास पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कर्मचारी, शिक्षक और संघ पदाधिकारी शामिल हुए। अजाक्स के जिला अध्यक्ष मोहर सिंह अहिरवार ने बताया कि जिले की अलग-अलग तहसीलों और विकासखंडों में हाल ही में सरकारी कर्मचारियों, खासकर शिक्षकों के साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार, धमकी और अपमान की घटनाएं हुई हैं। ज्ञापन में बमनाई (सोनेरा) विद्यालय के शिक्षक महेश कुमार अहिरवार के साथ मारपीट और गाली-गलौज की घटना का भी उल्लेख किया गया। संघ ने मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। कर्मचारियों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग अजाक्स ने मांग की कि ऐसे मामलों में तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए और आरोपियों को कड़ी सजा दी जाए। संघ का कहना है कि इससे सरकारी कर्मचारियों के साथ ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोका जा सकेगा। संघ ने संवेदनशील क्षेत्रों में काम कर रहे कर्मचारियों की सुरक्षा बढ़ाने और जरूरत के अनुसार उनका स्थानांतरण करने की मांग भी की। छात्रवृत्ति और आरक्षण रोस्टर का मुद्दा भी उठाया ज्ञापन में कहा गया कि शिक्षकों को 'राष्ट्र निर्माता' माना जाता है। इसलिए किसी भी जाति या वर्ग के शिक्षक के साथ हिंसा और अपमान की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को ठोस व्यवस्था करनी चाहिए। संघ ने छात्रवृत्ति का समय पर वितरण, आरक्षण रोस्टर नियमों का पालन और महिला कर्मचारियों की सुरक्षित पदस्थापना जैसी मांगें भी रखीं। प्रदर्शन के दौरान संघ पदाधिकारियों ने कहा कि यदि कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।