Monday, 10 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

पठानकोट में स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा सख्त:लमीनी स्टेडियम के 1 किलोमीटर दायरे में 'नो-फ्लाई ज़ोन' घोषित, ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध

INT News10 August 2026 at 05:55 pm

15 अगस्त को होने वाले ज़िला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के सुरक्षा प्रबंधों को कड़ा करते हुए ज़िला प्रशासन पठानकोट ने बड़ा फैसला लिया है। बहुउद्देश्यीय खेल स्टेडियम, लमीनी के आसपास 1 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन और रिमोट कंट्रोल माइक्रो-लाइट एयरक्राफ्ट जैसे उड़ने वाले उपकरणों के इस्तेमाल पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया है। अपर ज़िला मजिस्ट्रेट (एडीएम) पठानकोट अर्शदीप सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत यह निषेधाज्ञा जारी की है। आदेशों के अनुसार, लमीनी खेल स्टेडियम के 1 किलोमीटर के घेरे में 14 से 15 अगस्त तक किसी भी प्रकार के ड्रोन या फ्लाइंग ऑब्जेक्ट्स उड़ाने पर पाबंदी रहेगी। प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल के आसपास स्थित मैरिज पैलेस मालिकों को भी सख्त हिदायत दी है कि वे 14 और 15 अगस्त को अपने पैलेस परिसर में किसी भी ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल न होने दें। यह कदम समारोह में भाग लेने वाले वीआईपी, वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों और आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क फहराएंगे तिरंगा उल्लेखनीय है कि 15 अगस्त को लमीणी खेल स्टेडियम में आयोजित होने वाले ज़िला स्तरीय मुख्य समारोह में पंजाब के कैबिनेट मंत्री श्री लाल चंद कटारूचक्क मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वे राष्ट्रीय ध्वज फहराने और परेड की सलामी लेने की रस्म अदा करेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह पाबंदी पैरामिलिट्री फोर्स, मिलिट्री फोर्स और सरकारी ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों पर लागू नहीं होगी।