Monday, 29 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

16 साल से फरार हत्या-लूट का आरोपी नूंह से काबू:राजस्थान पुलिस को सौंपा, पहचान छिपाकर पुलिस से बच रहा था

INT News29 June 2026 at 09:49 pm

नूंह जिले में पुलिस ने हत्या, लूट और चोरी सहित कई गंभीर मामलों में पिछले 16 वर्षों से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पुनहाना थाना क्षेत्र के सिकरावा गांव निवासी हाकम पुत्र अब्दुल हामिद के रूप में हुई है। वह राजस्थान के जयपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में दर्ज मामलों में वांछित था और कोर्ट द्वारा उद्घोषित अपराधी (पीओ) घोषित किया जा चुका था। गिरफ्तारी के बाद, आरोपी हाकम को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजस्थान के शाहपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है। अब राजस्थान पुलिस उससे पुराने मामलों के संबंध में पूछताछ करेगी और उसे न्यायालय में पेश करेगी। जयपुर में हत्या और लूट मामले में वांछित पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, हाकम के खिलाफ वर्ष 2010 में शाहपुर थाना क्षेत्र में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद, वर्ष 2011 में उस पर लूट और एक व्यक्ति को बंधक बनाने का आरोप लगा। इन मामलों में वह लगातार फरार चल रहा था। शाहपुर थाने में उसके खिलाफ लूट और आर्म्स एक्ट के तहत भी एक अन्य मुकदमा दर्ज है। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2015 में हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सिटी बल्लभगढ़ थाना में चोरी के एक मामले में भी उसका नाम सामने आया था। पहचान छिपाकर कानून से बचने की कोशिश करता रहा बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से अपनी पहचान छिपाकर कानून से बचने की कोशिश कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी से वर्षों से लंबित मामलों की सुनवाई और जांच प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है। संबंधित एजेंसियां अब आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों की भी जांच कर सकती हैं।