national
बाल विवाह : 5 साल में 14,727 गिरफ्तार, सजा सिर्फ 429 को, जानें बिहार-झारखंड और असम का हाल

Child Marriage in India: सरस्वती कुमारी का विवाह तय हो गया था. वह घर से भागकर सीधे गुमला के उपायुक्त कार्यालय पहुंची. डीसी से गुहार लगायी कि वह अभी शादी नहीं करना चाहती. पढ़ना चाहती है. उसके माता-पिता जबरन उसका विवाह करा रहे हैं. उपायुक्त ने सरस्वती की शादी रुकवायी. बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के जरिये कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में उसका दाखिला करवाया. यह साल 2012 की घटना है. सरस्वती के साहस ने पूरे झारखंड की बेटियों को राह दिखाया. गुमला जिले की बिरसमुनी, ममता कुमारी के अलावा कोडरमा की राधा कुमारी समेत दर्जनों लड़कियां सरस्वती की तरह बाल विवाह के खिलाफ तनकर खड़ी हो गयीं.
विकास भारती ने उठाया सरस्वती की पढाई का खर्च
प्रशासन और गैर-सरकारी संस्थाओं ने इन बेटियों की भावना का सम्मान किया. उनकी मदद की. ‘विकास भारती’ ने सरस्वती को गोद ले लिया. उसकी पढ़ाई का पूरा खर्च उठाया. बाद में साल 2013 में अंतरराष्ट्रीय संस्था यूनिसेफ (UNICEF) ने बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान के लिए सरस्वती को झारखंड का यूथ आइकॉन चुना. इसी तरह कोडरमा जिले की राधा कुमारी को जिला प्रशासन ने अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया. हालांकि, आज भी बड़ी संख्या में कम उम्र में बच्चों की शादी कर दी जाती है. इसे खत्म करने के लिए भारत सरकार ने कई पहल की है. उनके बारे में हम चर्चा करेंगे, लेकिन पहले कुछ आंकड़ों पर गौर कर लेते हैं.
बाल विवाह में 3.2 फीसदी की कमी
राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएचएफएस) के आंकड़े बताते हैं कि बाल विवाह के मामलों में कमी आयी है. NFHS-5 (2019–21) के सर्वेक्षण में पता चला था कि 20 से 24 साल की विवाहित महिलाओं की शादी 18 साल की उम्र से पहले हो गयी थी. NFHS-6 (2023-24) में यह आंकड़ा घटकर 20.1 फीसदी हो गया. यानी बाल विवाह के मामलों में 3.2 फीसदी की कमी आयी.
ये भी पढ़ें: बाल विवाह के खिलाफ 100 दिन चलेगा अभियान, 27 नवंबर से होगी शुरुआत
बाल विवाह कम करने में केंद्रशासित प्रदेश सबसे आगे
एनएफएचएस-6 के आंकड़े बताते हैं कि देश के अधिकतर राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में बाल विवाह के मामले कम हुए हैं. दादरा और नगर हवेली के साथ दमन एवं दीव में बाल विवाह के मामलों में सबसे ज्यादा 10.1 फीसदी की गिरावट आयी है. अंडमान निकोबार में 7.4 प्रतिशत, असम में 6.5 प्रतिशत, बिहार में 6.2 फीसदी और त्रिपुरा में 6.1 फीसदी की गिरावट आयी है. कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, मिजोरम और केरलम का प्रदर्शन राष्ट्रीय औसत से बेहतर है.
बाल विवाह पर सुप्रीम कोर्ट का फ्रेमवर्क
बाल विवाह को रोकने के लिए सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के फ्रेमवर्क के आधार पर कार्यक्रम तय किये हैं. 18 अक्टूबर 2024 को आये इस फैसले के बाद ही भारत सरकार ने नवंबर 2024 में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शुरुआत की. आईए, जानते हैं सुप्रीम कोर्ट ने फ्रेमवर्क में क्या-क्या सुझाया था और सरकार ने क्या किया.
18 अक्टूबर, 2024 को ‘सोसाइटी फॉर एनलाइटनमेंट एंड वॉलंटरी एक्शन एवं अन्य बनाम भारत संघ एवं अन्य’ मामले में 18 अक्टूबर 2024 को सुप्रीम कोर्ट ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए फ्रेमवर्क जारी किया. कोर्ट ने जिला और उप-जिला स्तर पर समर्पित, पूर्णकालिक बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों (CMPOs) की नियुक्ति पर जोर दिया. इसके अलावा, समन्वय, निगरानी और शिकायत निवारण के लिए विशेष इकाइयों (Special Units), बहु-क्षेत्रीय जागरूकता अभियानों और प्रमुख अधिकारियों के प्रशिक्षण पर भी बल दिया गया. इस फैसले के बाद सरकार ने अपना ध्यान दंड (Punishment) से हटाकर रोकथाम (Prevention), सुरक्षा (Protection) और सशक्तिकरण (Empowerment) पर केंद्रित किया.
बाल विवाह खत्म करने के लिए सरकार की कोशिशें
अब बात देश को बाल विवाह से मुक्त करने की सरकारी कोशिशों की. 27 नवंबर 2024 को राष्ट्रीय स्तर पर ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ (Bal Vivah Mukt Bharat - BVMB) की शुरुआत की गयी. साल 2030 तक बाल विवाह मुक्त भारत बनाने के उद्देश्य से सरकार ने महज 100 दिन में 6.85 लाख जागरूकता अभियान चलाये. शिक्षण संस्थानों, स्टूडेंट्स, धर्म गुरुओं, विवाह से जुड़ी सेवा देने वाले संस्थानों, पंचायती राज संस्थानों और शहरी निकायों की मदद से चलाये गये अभियान में 12.47 करोड़ लोग शामिल हुए. बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल और माई गव (MyGov) की वेबसाइट पर 42.01 लाख लोगों ने शपथ ली कि वे बाल विवाह को खत्म करने में मदद करेंगे.
बाल विवाह रोकने के लिए सरकार ने क्या-क्या कदम उठाये?
अब आपको बताते हैं कि बाल विवाह रोकने के लिए सरकार ने क्या-क्या प्रभावी कदम उठाये हैं.
केंद्र सरकार ने बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 (The Prohibition of Child Marriage Act, 2006) के तहत राज्य सरकारों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों (CMPOs) की नियुक्ति का अधिकार दिया. उनको बाल विवाह को रोकने, अभियोजन (मुकदमे) के लिए साक्ष्य जुटाने, बाल विवाह करने वालों लोगों और समुदायों की काउंसलिंग करने, जागरूकता पैदा करने, समुदायों को संवेदनशील बनाने और बाल विवाह से जुड़े आंकड़े जुटाने की जिम्मेदारी दी गयी है. इसके साथ-साथ सरकार ने बाल विवाह से होने वाले नुकसान के बारे में लोगों को जागरूक भी किया.
71,882 सीएमपीओ (Child Marriage Prohibition Officers -CMPOs) की नियुक्ति की गयी. सभी की जानकारी BVMB पोर्टल पर अपलोड की गयी, ताकि लोग उनकी मदद ले सकें.
59,686 CMPOs की नियुक्ति ग्राम पंचायत स्तर पर की गयी, ताकि गांवों में बाल विवाह को रोका जा सके.
42.01 लाख लोगों ने BVMB पोर्टल और 1.05 लाख लोगों ने MyGov पोर्टल के जरिये बाल विवाह को खत्म करने की शपथ ली.
4,536 बाल विवाह के मामले अब तक BVMB पोर्टल के जरिये दर्ज कराये गये हैं.
अक्षय तृतीया पर प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश
सरकार ने अक्षय तृतीया के दौरान होने वाले बाल विवाह को रोकने के लिए भी रणनीति बनायी है. जिला प्रशासन को स्पष्ट निर्देश है कि प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा सीएमपीओ, पुलिस और समाज के लोगों की मदद लें और हर हाल में बाल विवाह को रोकें.
ये भी पढ़ें: बाल विवाह से मां और बच्चे की जान को भी खतरा, गढ़वा में बच्चों को किया गया जागरूक
पोर्टल पर शिकायत की सुविधा
बाल विवाह रोकने के लिए " target="_blank" rel="noopener noreferrer">बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल की भी शुरुआत की गयी है. इसका उद्देश्य बाल विवाह के खिलाफ चलाये जा रहे अभियानों की मॉनिटरिंग और कानून को प्रभावी तरीके से लागू करने में लोगों की मदद करना है. इस पोर्टल की मदद से लोग सीएमपीओ से संपर्क कर सकते हैं. बाल विवाह से जुड़ी घटनाओं की जानकारी साझा कर सकते हैं. सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के आंकड़े भी यहां साझा किये जाते हैं.
5 साल में 429 आरोपियों को हुई सजा
अब बाल विवाह और इसके खिलाफ की गयी कार्रवाई से जुड़े आंकड़ों पर गौर करते हैं. नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के मुताबिक, साल 2020 से साल 2024 के बीच बाल विवाह के 10,374 केस दर्ज किये गये. इनमें से 9,012 मामलों में चार्जशीट दाखिल की गयी. 352 केस में आरोप तय हुए. कुल 14,727 लोगों की गिरफ्तारी हुई. 15,283 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गयी और 429 लोगों को सजा हुई. देश में सबसे ज्यादा 6,038 केस साल 2023 में दर्ज हुए थे. इस साल 5,809 चार्जशीट दाखिल हुए. 107 मामलों में आरोप तय हुए. इन 6,038 मामलों में 7,071 लोगों की गिरफ्तारी हुई. पुलिस ने कुल 7,710 चार्जशीट दाखिल की. कुल 126 लोगों को सजा हुई.
ये भी पढ़ें: Gumla: बाल विवाह के खिलाफ गांवों में गूंजी आवाज, साखू और दीना में निकली जागरूकता रैली
साल 2024 में सबसे ज्यादा 234 लोगों को सजा
साल-दर-साल आंकड़ों पर गौर करेंगे, तो पायेंगे कि साल 2020 में 785 केस दर्ज हुए थे, साल 2021 में 1,050, साल 2022 में 1,002, साल 2023 में 6,038 और साल 2024 में 1,499 केस दर्ज हुए. इन 5 सालों में सबसे ज्यादा 234 लोगों को साल 2024 में सजा हुई. साल 2020 और साल 2021 में 19-19, साल 2022 में 31, साल 2023 में 126 और साल 2024 में 234 लोगों को सजा हुई. लोकसभा में 24 जुलाई 2026 को एक प्रश्न के उत्तर में महिला एवं बाल विकास विभाग की राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने यह जानकारी दी थी.
सबसे ज्यादा 5,267 मुकदमे असम में
एनसीआरबी के आंकड़े बताते हैं कि साल 2020 से साल 2024 के बीच बाल विवाह के कुल 10,374 मामले दर्ज हुए. इसमें आधे से अधिक 6,194 केस सिर्फ असम में दर्ज हुए. 5,677 मामलों में चार्जशीट दाखिल की गयी. 285 केस में आरोप पत्र तय हुए. 7,085 लोगों को आरोपी बनाया गया, 6,586 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल हुई और 297 लोगों की गिरफ्तारी हुई. पूरा आंकड़ा यहां देखें.
साल 2023 में पूरे देश में बाल विवाह के 6,038 मामले दर्ज हुए थे. इसमें सबसे ज्यादा 5,267 केस असम में दर्ज हुए. यहां कुल 5,089 मामलों में आरोप पत्र दाखिल हुआ. 94 मामले में आरोप तय हुए. 5,714 लोगों की गिरफ्तारी हुई. 5,753 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गयी और 98 लोगों को सजा हुई. साल 2023 में भारत के सभी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में कुल 126 लोगों को बाल विवाह के मामले में सजा हुई थी.
अरुणाचल में बाल विवाह का कोई केस नहीं
इन 5 सालों में अरुणाचल प्रदेश, लद्दाख, लक्षद्वीप, पुड्डुचेरी, गोवा, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम, अंडमान निकोबार द्वीप समूह में बाल विवाह का कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ. छत्तीसगढ़ में साल 2020 में मात्र एक केस दर्ज हुआ था. इसमें 10 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल हुई, लेकिन किसी को सजा नहीं मिली. इसके बाद लगातार 3 साल (2021, 2022 और 2023) तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ. साल 2024 में 4 मामले सामने आये. सभी 4 केस में चार्जशीट दाखिल हुई. 44 लोगों की गिरफ्तारी हुई. सभी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गयी, लेकिन किसी को सजा नहीं हुई.
साल 2024 में सबसे ज्यादा 234 लोगों को हुई सजा
सरकारी आंकड़े के मुताबिक, साल 2024 में 1,499 केस दर्ज हुए. इनमें से 1,087 केस में चार्जशीट दाखिल हुई. 209 मामले में आरोप तय हुए. 2,360 लोगों की गिरफ्तारी हुई. गिरफ्तार किये गये लोगों में से 2,429 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किये गये. कुल 234 लोगों को सजा सुनायी गयी. असम में सबसे ज्यादा 199 आरोपियों को सजा हुई. बांग्लादेश से सटे असम में साल 2024 में बाल विवाह के कुल 471 केस दर्ज हुए थे. इनमें से 300 मामलों में आरोपपत्र दायर किये गये. 191 मामले में आरोप तय हुए. 589 गिरफ्तारियां भी हुईं. गिरफ्तार किये गये 395 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल हुई और 199 लोगों को सजा हुई.
ये भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी का ऐलान- बंगाल में बाल विवाह पर होगी कार्रवाई, बिना उम्र प्रमाण पत्र नहीं होगी शादी
बिहार में 5 साल में मात्र 1 व्यक्ति को हुई सजा
बिहार में पांच साल में 64 मुकदमे दर्ज हुए. 46 मामलों में चार्जशीट दाखिल हुई. 1 व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई और कुल 92 चार्जशीट दाखिल किये गये. सभी के खिलाफ चार्जशीट हुई, लेकिन किसी मात्र 1 व्यक्ति को सजा हुई. पूरा आंकड़ा यहां देखें.
5 साल में पश्चिम बंगाल में 11 लोगों को सजा
बाल विवाह के मामले में साल 2020 से साल 2024 तक कुल 11 लोगों को सजा हुई. इन 5 सालों में राज्य में बाल विवाह के 574 केस दर्ज हुए. इनमें 494 चार्जशीट दाखिल हुई. 11 मामलों में आरोप तय हुए. बाल विवाह से संबंधित मामलों में कुल 743 लोगों की गिरफ्तारी हुई. इनके खिलाफ 870 चार्जशीट दाखिल हुई. लेकिन सजा सिर्फ 11 लोगों को हुई. साल 2022 में 6 और साल 2024 में 5 लोगों को सजा हुई.
झारखंड में साल 2020 के बाद किसी को सजा नहीं
झारखंड के पिछले 5 साल के आंकड़ों पर गौर करेंगे, तो पायेंगे कि कुल 22 मुकदमे दर्ज हुए. इनमें से 13 मामलों में चार्जशीट हुई. 1 केस में आरोप तय हुआ. 35 लोगों की गिरफ्तारी हुई और सभी के खिलाफ आरोपपत्र दायर किये गये. कुल 5 लोगों को सजा हुई. सभी 5 लोगों को साल 2020 में सजा हुई. इसके बाद साल 2021, साल 2022, साल 2023 और साल 2024 में किसी को सजा नहीं हुई. साल 2021 में 4 और साल 2022 से 2024 तक बाल विवाह के 5-5 मामले दर्ज हुए. सबसे ज्यादा 15 लोगों को साल 2023 में दोषी करार दिया गया, लेकिन सजा किसी को नहीं हुई.
{"type":"faq","question":"बच्चा (Child) कौन है?","answer":"ऐसा पुरुष जो 21 साल का नहीं हुआ है और ऐसी महिला जो 18 साल की नहीं हुई है. बाल विवाह उस विवाह को कहते हैं, जिसमें लड़का या लड़की नाबालिग हो."}{"type":"faq","question":"विवाह की वैधानिक स्थिति | Status of the marriage","answer":"बाल विवाह को कानूनी रूप से खत्म करने के लिए लड़का या लड़की में से कोई एक पक्ष बालिग होने के बाद (विवाह के 2 साल के भीतर) जिला अदालत (District Court) में विवाह को रद्द करने के लिए याचिका दायर कर सकता है. कुछ विशिष्ट परिस्थितियों में यह विवाह स्वतः रद्द (Void) माना जाता है. जैसे- बच्चे की तस्करी की गयी हो, उसे बलपूर्वक या छल से ले जाया गया हो, या अनैतिक उद्देश्य के लिए बाल विवाह का इस्तेमाल हुआ हो."}{"type":"faq","question":"अपराध और दंड | Offences and Penalties","answer":"इस अधिनियम के तहत अपराध संज्ञेय (Cognizable) और गैर-जमानती (Non-bailable) हैं. किसी बच्चे से विवाह करने वाला वयस्क पुरुष और बाल विवाह संपन्न कराने, बाल विवाह कराने में सहायता करने, बाल विवाह को बढ़ावा देने या उसमें शामिल होने वाले व्यक्ति (जिनमें माता-पिता और अभिभावक भी शामिल हैं), को 2 वर्ष तक के कठोर कारावास और/या 1 लाख रुपए तक जुर्माना हो सकता है. महिला अपराधियों को कारावास की सजा नहीं दी जा सकती है."}{"type":"faq","question":"पीड़ितों के लिए राहत | Relief for Victims","answer":"बाल विवाह रोकने वाला अधिनियम पीड़ितों के लिए भरण-पोषण (Maintenance), निवास (Residence) और बच्चों की अभिरक्षा (Custody) की व्यवस्था का प्रावधान करता है. ऐसे विवाहों से उत्पन्न संतानें वैध (Legitimate) बनी रहती हैं."}{"type":"faq","question":"निषेधाज्ञा के माध्यम से रोकथाम | Prevention through Injunctions","answer":"न्यायिक मजिस्ट्रेटों (Judicial Magistrates) को किसी होने वाले बाल विवाह को रोकने के लिए निषेधाज्ञा (Injunctions) जारी करने का अधिकार है. जिला मजिस्ट्रेट (District Magistrates) और बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी (CMPOs) विशेष रूप से सामूहिक विवाह के अवसरों और अक्षय तृतीया जैसे त्योहारों के दौरान बाल विवाह की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. वे समय पर हस्तक्षेप, जागरूकता और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय के माध्यम से ऐसा करते हैं."}