समाचार · पंजाब
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें:पूर्व कांग्रेस MLA ने पार्टी बदली; लेडी डॉक्टर की शर्ट के बटन तोड़े; बेटे ने पिता को काट डाला
नमस्कार, पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर पूर्व कांग्रेस विधायक रमिंदर सिंह आवला से जुड़ी है। उन्होंने पार्टी बदल ली है। आवला ने कांग्रेस छोड़कर शिरोमणि अकाली दल की सदस्यता ली। वह कांग्रेस के पूर्व प्रधान के बयान से नाराज थे। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. पूर्व कांग्रेस MLA आवला ने पार्टी बदली फाजिल्का के जलालाबाद से पूर्व कांग्रेस विधायक रमिंदर सिंह आवला रविवार (25 अक्टूबर) को अकाली दल में शामिल हो गए। अकाली दल के भाजपा से गठजोड़ के संकेतों के बीच आवला ने पार्टी बदल ली। कुछ दिन पहले फिरोजपुर में पंजाब कांग्रेस के तत्कालीन अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के टिकट संबंधी बयान पर आवला नाराज हुए थे। वड़िंग ने एक परिवार के एक से अधिक सदस्यों को टिकट देने के मुद्दे पर कहा था, “2 टिकट, बाप का राज है?” इस बयान को आवला से जोड़कर देखा गया था। (पढ़ें पूरी खबर) 2. झोटा हत्याकांड के विरोध में AAP का चुनाव चिह्न जलाया एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में मानसा, लुधियाना, बठिंडा और तरनतारन में आम आदमी पार्टी (AAP) का चुनाव चिह्न झाड़ू जलाया गया। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी और अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने झाड़ू जलाकर प्रदर्शन किया। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सभरां ने कहा कि पंजाब के लोगों ने झाड़ू वाली सरकार बनाई थी, लेकिन अब लोग सरकार के काम पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को बात सुननी ही होगी। 13 अक्टूबर को झोटा की केमिस्ट अश्विनी कुमार ने गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। अभी तक झोटा का पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ है। (पढ़ें पूरी खबर) 3. बेटे ने कृपाण से की पिता की हत्या मुक्तसर साहिब के गिद्दड़बाहा शहर में शनिवार देर शाम पत्नी को मायके से वापस लाने की बात पर हुए विवाद में बेटे ने अपने पिता की कृपाण से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद 30 वर्षीय आरोपी गुरचरण सिंह मौके से फरार हो गया। घर में खून से लथपथ शव देखकर परिजन ने शोर मचाया और पड़ोसियों को सूचना दी। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयानों पर आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। (पढ़ें पूरी खबर) 4. हाथ काटने वाला बोला- बहन पर गलत नजर रखता था भूरा लुधियाना में तलवार से व्यक्ति का हाथ काटने वाले आरोपियों की CCTV फुटेज सामने आई है। इसमें 4 बदमाश दिख रहे हैं। इन्होंने घर में घुसकर शक्ति सिंह उर्फ भूरा (40) का हाथ काटा था। इसके बाद आरोपी कटे हाथ को थैली में डालकर अपने साथ ले गए। जाते समय रास्ते में एक किराने की दुकान पड़ी, जिस पर बैठे दुकानदार को बदमाशों ने कटे हाथ वाली थैली पकड़ाई और कहा- यह हाथ भूरा के घर पहुंचा दे। पुलिस ने इस मामले में मुख्यारोपी दलबीर सिंह और लखबीर सिंह उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में दलबीर ने बताया कि भूरा उसकी बहन पर गलत नजर रखता था। (पढ़ें पूरी खबर) 5. सिविल अस्पताल में लेडी डॉक्टर से मारपीट मोहाली जिले के खरड़ के सिविल अस्पताल में ड्यूटी के दौरान एक युवक ने लेडी डॉक्टर और स्टाफ से कथित तौर पर मारपीट और दुर्व्यवहार किया। डॉक्टर के अनुसार, युवक ने उनका गला पकड़कर नीचे गिरा दिया, शर्ट के बटन तोड़ दिए और उन्हें शर्ट से पकड़कर घुमा दिया। इस दौरान स्टेथोस्कोप भी टूट गया। बीच-बचाव करने आए एंबुलेंस ड्राइवर के साथ भी युवक ने हाथापाई की और उसके कपड़े फाड़ दिए। थाना सिटी खरड़ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी को काबू कर लिया। (पढ़ें पूरी खबर) 6. कुल्हड़ पिज्जा फेम सहज को ब्रेन ट्यूमर नहीं जालंधर के कुल्हड़ पिज्जा फेम सहज अरोड़ा की तबीयत बिगड़ने के बाद उनके भाई सामने आए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर सहज को ब्रेन ट्यूमर होने की चल रही खबरों को अफवाह बताया। भाई ने स्पष्ट किया कि सहज को ब्रेन ट्यूमर नहीं है। पेट में तेज दर्द होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक दिन पहले सहज का अस्पताल में भर्ती होने का वीडियो सामने आया था, जिसमें सहज कहते हुए सुनाई दे रहे हैं, ‘मेरे जाने के बाद मेरी पत्नी को ट्रोल मत करना।’ उन्हें डर है कि शायद वह जिंदा न रहें। (पढ़ें पूरी खबर) 7. विदेश भेजने का झांसा देकर गर्लफ्रेंड मार डाली होशियारपुर में युवती की हुई हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। युवती की हत्या उसके प्रेमी ने ही की थी। प्रेमी उसे ओमान भेजने का झांसा देकर होशियारपुर लाया था। करीब 7-8 माह साथ रखने के बाद उसकी हत्या कर दी। मृतका की मां के बयान के आधार पर गुरदासपुर के ढोलनवाल के रहने वाले गुरप्रीत सिंह उर्फ गुरी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर) 8. घर पर लिखा- चिट्टा ही चिट्टा बठिंडा में युवक ने एक मकान की दीवार पर ‘चिट्टा ही चिट्टा’ लिखा। युवक की मां ने कहा कि उनका बेटा चिट्टा (हेरोइन) लेता है। उसने यहां इसलिए लिखा क्योंकि यहां पर 200, 300 और 500 रुपए में चिट्टे की पुड़ियां बिकती हैं। इसी गांव में 15 दिन पहले नशे को लेकर पुलिस ने कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (CASO) चलाया था। तब पुलिस ने 5-6 लोगों पर केस दर्ज किया था। हर किसी के पास 2 से 3 ग्राम चिट्टा मिला था। (पढ़ें पूरी खबर) 9. गोल्डन टेंपल की परिक्रमा में झगड़ा, SGPC का कोई एक्शन नहीं अमृतसर में गोल्डन टेंपल की परिक्रमा में झगड़े का एक वीडियो सामने आया है। इसमें युवकों के दो गुट आपस में भिड़ते दिख रहे हैं। बड़ी बात यह है कि इनके पास से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुजर रहे हैं, लेकिन इन झगड़ते युवकों को समझाकर अलग करने की हिम्मत कोई नहीं कर रहा। एक युवक कह रहा है, ‘तूने मेरी पगड़ी में पैर मारा।’ वहीं, दूसरा युवक कह रहा है कि तू नंबर दे अपना, बाहर चलकर लड़ते हैं। यह वीडियो 3 दिन से सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। भिड़ने वाले युवकों के गुट एक दूसरे को रिप्लाई भी दे रहे हैं, लेकिन अब तक इस पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी (SGPC) ने कोई एक्शन नहीं लिया है। खास बात यह भी है कि झगड़ने वाले युवकों में से एक गोल्डन टेंपल में ही तबलावादक है। (पढ़ें पूरी खबर) खबर जरा हटके… 10. होमगार्ड जवान ने IPS बनकर ढाबे मालिक को धमकाया लुधियाना में होमगार्ड जवान ने फर्जी IPS अधिकारी बनकर ढाबे के कर्मचारियों को पीट दिया। आरोपी जवान बुलेट मोटरसाइकिल पर IPS अधिकारी की वर्दी पहनकर ढाबे पर पहुंचा। रात में ढाबा खुला रखने को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटती देख आरोपी वहां से खिसक गया। SSP डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने मामले की जांच के आदेश दिए। पुलिस ने ढाबे में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे आरोपी धमकाता और कर्मचारियों को पिटता दिखा। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से IPS की वर्दी भी बरामद कर ली है। (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)