समाचार · मध्य प्रदेश
नाती की मौत से आहत नाना ने तोड़ी हनुमान-प्रतिमा:मन्नत पूरी नहीं होने से सदमे में था; बुजुर्ग पर BNS के तहत केस
सीधी जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र स्थित बलहया गांव में एक महीने के नाती की मौत के सदमे में बुजुर्ग ने भगवान हनुमान की प्रतिमा खंडित कर दी। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, बलहया निवासी रामभुवन द्विवेदी (56) के एक महीने के नाती का अस्पताल में इलाज चल रहा था। बच्चे के स्वस्थ होने की कामना को लेकर परिवार ने अपने पूर्वजों के निर्मित मंदिर में स्थापित भगवान बजरंगबली से मन्नत मांगी थी। परिवार का संकल्प था कि बच्चा स्वस्थ होने पर मंदिर में पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन कराया जाएगा। बच्चे की मौत के बाद प्रतिमा तोड़ दी हालांकि, इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई। इस घटना से रामभुवन द्विवेदी गहरे सदमे में आ गए। बताया जा रहा है कि अस्पताल से लौटने के बाद वे सीधे मंदिर पहुंचे और भावनात्मक आवेश में आकर भगवान हनुमान की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद वे मंदिर परिसर में ही बैठकर विलाप करने लगे। ग्रामीणों के सूचना पर मौके पर पहुंची प्रतिमा खंडित होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने सिहावल पुलिस चौकी को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने नाती की मौत से उत्पन्न मानसिक आघात और भावनात्मक तनाव में यह कदम उठाया। BNS की धाराओं में दर्ज हुआ मामला सिहावल चौकी प्रभारी उप निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की गई है। प्रथम दृष्टया यह घटना नाती की मौत के गहरे सदमे के कारण हुई प्रतीत होती है। आरोपी रामभुवन द्विवेदी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298 और 299 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। सिहावल चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि बच्चे को निमोनिया हो गया था। जिसके बाद एक महीने से सीधी जिला अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती था।