समाचार · हरियाणा
हिसार पुलिस की जांच होगी और मजबूत:बरवाला थाने में पुलिस अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण, साइबर जांच-गूगल वर्कस्पेस के उपयोग की दी जानकारी
अपराधों की जांच को अधिक वैज्ञानिक, प्रभावी और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में हिसार पुलिस लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में एसपी सिद्धान्त जैन के निर्देशानुसार थाना बरवाला में जांच अधिकारियों (आईओ) के लिए एनडीपीएस एक्ट, साइबर इन्वेस्टिगेशन और गूगल वर्कस्पेस विषयों पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम (पीएस वाइज कोर्स) आयोजित किया गया। एसपी सिद्धान्त जैन ने बताया कि वर्तमान समय में अपराधों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। ऐसे में पुलिस अधिकारियों का नवीन कानूनों, डिजिटल तकनीक और वैज्ञानिक जांच पद्धतियों से अपडेट रहना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से जिले के विभिन्न थानों में समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि जांच की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाया जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में निरीक्षक कंवर पाल ने थाना बरवाला में तैनात सभी जांच अधिकारियों को एनडीपीएस एक्ट के मामलों की जांच में अपनाई जाने वाली कानूनी प्रक्रियाओं, साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन, साइबर अपराधों की तकनीकी जांच और गूगल वर्कस्पेस के प्रभावी उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान अधिकारियों को बताया गया कि मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में किन कानूनी सावधानियों का पालन करना आवश्यक है, डिजिटल एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की सही प्रक्रिया क्या है तथा ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों की जांच में आधुनिक तकनीकों का किस प्रकार उपयोग किया जा सकता है। साथ ही गूगल वर्कस्पेस के माध्यम से केस मैनेजमेंट, दस्तावेजों के सुरक्षित रखरखाव और आपसी समन्वय को बेहतर बनाने के तरीके भी समझाए गए।