समाचार · मध्य प्रदेश
पन्ना में खेत गए बुजुर्ग पर तेंदुए ने किया हमला:आंख में आई गंभीर चोट, ऑटो से अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन
पन्ना जिले के देवेंद्रनगर क्षेत्र के ग्राम सिलगी में मंगलवार 14 जुलाई को एक तेंदुए ने 65 वर्षीय बुजुर्ग जौहरिया रजक पर हमला कर दिया। बुजुर्ग खेत में शौच के लिए गए थे, तभी तेंदुए ने पीछे से उन पर हमला किया। उनकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। बुजुर्ग की आंख में गभीर जख्म हुआ है। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को परिजन ऑटो से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवेंद्रनगर ले गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल पन्ना रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि उन्हें 108 एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिली, जिसके कारण उन्हें बुजुर्ग को दोबारा ऑटो से ही जिला अस्पताल लाना पड़ा। बुजुर्ग का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। शुरुआत में ग्रामीणों ने इसे बाघ का हमला बताया था। हालांकि, देवेंद्रनगर रेंजर के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह तेंदुए का हमला प्रतीत होता है। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। घटना के बाद वन विभाग की टीम ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल बुजुर्ग को तत्काल सहायता के रूप में 2,000 रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की। वन विभाग ने सिलगी और आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को अकेले या अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।