समाचार · हरियाणा
फतेहाबाद में फेसबुक पर रिश्तेदार बनकर ठगे 35 हजार:पुलिस ने दिल्ली का एक आरोपी पकड़ा; दो आरोपियों को पहले पकड़ चुके
फेसबुक पर रिश्तेदार बनकर 35 हजार रुपए की साइबर ठगी करने के मामले में टोहाना शहर थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पश्चिमी दिल्ली की न्यू महावीर कॉलोनी निवासी सुनील कुमार शर्मा के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे जमानत दे दी। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और अब गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। शहर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता संदीप सिंह, जो मूल रूप से पंजाब के संगरूर जिले के गांव भूलण का निवासी है और वर्तमान में टोहाना के प्रेमनगर में रहता है। उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके रिश्तेदार के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी फेसबुक आईडी बनाई। आरोपी ने उसी आईडी से संपर्क कर विदेश से रुपए भेजने का झांसा दिया। अलग-अलग बहानों से करवाए रुपए ट्रांसफर एसएचओ कुलदीप सिंह ने बताया कि इसके बाद एक कथित वीजा एजेंट का हवाला देते हुए अलग-अलग बहानों से संदीप सिंह से 35 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। बाद में जब उसने अपने वास्तविक रिश्तेदार से बात की तो पूरे मामले का खुलासा हुआ कि उसके साथ साइबर ठगी की गई है। इसके बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के आधार पर थाना शहर टोहाना में 9 नवंबर 2025 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल ट्रेल के आधार पर पश्चिमी दिल्ली निवासी सुनील कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया।