समाचार · मध्य प्रदेश
गुना में गलत इंजेक्शन लगाने से बच्चे का हाथ खराब:जनसुनवाई में पिता बोले- भविष्य खराब हो गया, न खाना खा पाता है, न लिख पाता है
गुना जिले के आरोन इलाके में डॉक्टर द्वारा इंजेक्शन गलत तरीके से लगाने पर एक बच्चे का हाथ खराब होने का मामला मंगलवार को सामने आया है। बच्चे को सर्दी, जुकाम था। उसके पिता उसका इलाज कराने आरोन सरकारी अस्पताल लाए थे। यहां तबियत तो ठीक नहीं हुई, उल्टा बच्चे का हाथ खराब हो गया। पिता ने जनसुनवाई में बच्चे का हाथ ठीक कराने की गुहार लगाई है। विदिशा जिले के उनारसी कलां के रहने वाले राजेश अहिरवार ने जनसुनवाई में सौंपे आवेदन में बताया कि वह मजदूरी करता है। दो महीने पहले वह सिविल अस्पताल आरोन के डॉक्टर महेश राजूपत के पास अपने बच्चे आर्यन (4) की सर्दी, खांसी, बुखार का इलाज कराने ले गया था। डॉक्टर ने 1200 रुपए की दवाई, इंजेक्शन लिखे। उसने बताया कि डॉ महेश ने उनके बच्चे के उल्टे हाथ में इंजेक्शन लगाने के लिए सिरिंज लगाई, लेकिन वह फेल हो गई और हाथ में इन्फेक्शन फैल गया। उनके बेटे का पूर हाथ इन्फेक्शन के कारण खराब हो गया है। हाथ ठीक होने का नाम नहीं ले रहा है। बोले- दो बार ऑपरेशन के बाद भी सुधार नहीं
आर्यन के पिता ने बताया कि बेटे के उल्टे हाथ का दो बार ऑपरेशन भी हो चुका है। बेटे के हाथ के उपचार में लगभग 70-80 हजार रुपए खर्च कर दिए। इसके लिए एक बीघा जमीन और रकम गिरवी रखकर इलाज कराया। डॉ राजपूत से कहा कि तुमने मेरे बेटे का हाथ खराब कर दिया है, तो उन्होंने कुछ दिन गुना के एक निजी अस्पताल में इलाज कराया, लेकिन उसके बाद भी आराम नहीं मिला। फिर कुछ दिन बाद भी हाथ ठीक होने पर नहीं आया, तो डॉक्टर से कहा, लेकिन वह गालियां देने लगे। उन्होंने धमकी दी कि जो करना है कर लो, अब इलाज नहीं कराउंगा। पीड़ित पिता ने जनसुनवाई में पहुंचकर आवेदन सौंपा। आवेदन के जरिए बच्चे का हाथ ठीक कराने और डॉक्टर पर कार्रवाई करने की मांग की। शिकायत के बाद कलेक्टर ने CMHO को जांच करने के निर्देश दिए हैं।