Tuesday, 14 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बटियागढ़ में मानसिक विक्षिप्त का शव सुनार नदी में मिला:कुत्ते काटे का चल रहा था इलाज, कुछ दिन से था लापता

INT News14 July 2026 at 01:46 pm

दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चैनपुरा में मंगलवार दोपहर सुनार नदी के पुल के नीचे एक मानसिक विक्षिप्त युवक का शव मिला। स्थानीय लोगों ने शव देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी। बटियागढ़ थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान बटियागढ़ थाना क्षेत्र के खिरिया बछिया निवासी 30 वर्षीय अर्जुन प्रजापति पुत्र जगन्नाथ प्रजापति के रूप में हुई। अर्जुन एक हाथ से दिव्यांग था और अक्सर घर से लापता रहता था। पुलिस ने शव की शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचित किया और पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया। मृतक के चाचा दीनदयाल प्रजापति ने बताया कि अर्जुन पिछले घर से लापता था। वह अपनी मौसी और बुआ के यहां रुकता था और कभी-कभी घर आता था। दीनदयाल ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले अर्जुन को कुत्ते ने काटा था, जिसका इलाज अभी पूरा नहीं हुआ था और वह फिर घर से लापता हो गया था। गुरुवार दोपहर पुलिस से उन्हें भतीजे का शव सुनार नदी में मिलने की सूचना मिली। अर्जुन अविवाहित था। मृतक के भांजे ने भी बताया कि सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे, तो उनके मामा का शव नदी में तैर रहा था। बटियागढ़ थाना प्रभारी रजनी शुक्ला ने पुष्टि की कि चैनपुरा में सुनार नदी में शव मिलने की सूचना पर वे मौके पर पहुंची थीं। शव को बाहर निकालकर शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचित किया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।