Monday, 2 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

अवैध शराब का ट्रक रोकना पड़ा भारी, थाना प्रभारी को कुचलकर चालक हुआ फरार, हुई मौत

INT News2 November 2026 at 10:09 am

घटना रविवार देर रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच की बताई जा रही है. पुलिस को सूचना मिली थी कि हरदा की ओर से अवैध शराब से भरा एक आयशर वाहन इंदौर के रास्ते गुजरात ले जाया जा रहा है. इसके बाद देवास के एसपी आदित्य मिश्रा ने ट्रक को पकड़ने के लिए पांच से अधिक पुलिस टीमें गठित की थीं. इनमें खातेगांव, कन्नौद और सतवास के थाना प्रभारी सहित पुलिसकर्मी शामिल थे. पुलिस टीमें वाहन का पीछा कर रही थीं और रास्ते में नाकाबंदी भी की गई थी.

रिपोर्ट के मुताबिक, हरदा-नेमावर हाईवे पर ट्रक चालक पानी पीने के लिए रुका था. इसी दौरान दिलीप पुरी उसके पास पहुंचे और चालक को वाहन से नीचे उतरने के लिए कहा. आरोप है कि चालक ने ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ाकर वहां से भागने की कोशिश की. इस दौरान पुरी नीचे गिर गए और वाहन का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया. उनके शरीर पर गंभीर चोटें आईं. पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां करीब दो घंटे तक उपचार और CPR देने के बाद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.

PTI का एक्स पर पोस्ट-

ये भी पढ़ें: Video: 35000 फीट की ऊंचाई से मिसाइल की तरह गिरा बिजनेस जेट, सड़क पर बना आग का गोला, 9 लोगों की मौत

ट्रक छोड़कर फरार हुआ चालक, पुलिस कर रही तलाश

घटना के बाद चालक ट्रक को संदलपुर में छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है. देवास के एसपी आदित्य मिश्रा भी घटना की सूचना मिलने के बाद सोमवार तड़के खातेगांव पहुंचे. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

देवास में पहले भी सामने आया है अवैध शराब का मामला

देवास जिले में अवैध शराब का मुद्दा पहले से चर्चा में है. हाल ही में चंदाना और बिंजाना गांवों में संदिग्ध जहरीली शराब से 13 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी. पुलिस ने इस मामले में कथित अवैध शराब नेटवर्क की जांच करते हुए कई लोगों को गिरफ्तार किया है. हालांकि, फॉरेंसिक जांच के जरिए शराब और मौतों के बीच संबंध की पुष्टि की जानी बाकी है. थाना प्रभारी की मौत की घटना को इस मामले से जोड़ने का अभी कोई आधिकारिक आधार सामने नहीं आया है.