sports
Brendan Taylor: 8 साल का इंतजार खत्म, 40 की उम्र में शतक ठोककर ब्रेंडन टेलर ने रचा इतिहास

Brendan Taylor Century: जिम्बाब्वे के अनुभवी बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में ऐसी पारी खेली, जिसने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. 40 साल की उम्र में टेलर ने शानदार शतक जड़कर न सिर्फ जिम्बाब्वे को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए. उनके बल्ले से टेस्ट क्रिकेट में यह शतक आठ साल के लंबे इंतजार के बाद निकला है.
शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले के पहले दिन का खेल खत्म होने तक जिम्बाब्वे ने पहली पारी में 5 विकेट पर 326 रन बना लिए थे. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत ठीक रही. टीम ने 17 ओवर के बाद एक विकेट पर 60 रन बना लिए थे. इसी दौरान पूर्व कप्तान ब्रेंडन टेलर बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आए और उन्होंने पारी को संभालने के साथ रन बनाने की रफ्तार भी बनाए रखी.
अफगान गेंदबाजों को किया परेशान
टेलर को दूसरे छोर पर बैन करन का अच्छा साथ मिला. हालांकि, 125 रन के कुल स्कोर पर करन के आउट होने के बाद जिम्बाब्वे को झटका लगा. इसके बाद कप्तान ब्रायन बेनेट क्रीज पर आए और उन्होंने टेलर के साथ मिलकर पारी को मजबूती दी.
दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 200 गेंदों पर 137 रनों की अहम साझेदारी की. इस दौरान अफगानिस्तान के गेंदबाज विकेट के लिए जूझते नजर आए. टेलर ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 168 गेंदों पर 131 रन बनाए. उनकी पारी में 14 चौके और चार छक्के शामिल रहे. तीसरे सत्र में वह पवेलियन लौटे, लेकिन तब तक जिम्बाब्वे को मजबूत स्थिति में पहुंचा चुके थे.
ये भी पढ़ें: ICC T20I Rankings: अभिषेक शर्मा दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज, टॉप-10 में भारत के 3 खिलाड़ी, देखें लिस्ट
जिम्बाब्वे के सबसे उम्रदराज टेस्ट शतकवीर बने टेलर
ब्रेंडन टेलर का यह शतक कई मायनों में खास रहा. 40 साल और 272 दिन की उम्र में शतक लगाकर वह टेस्ट क्रिकेट में सेंचुरी बनाने वाले जिम्बाब्वे के सबसे उम्रदराज बल्लेबाज बन गए हैं.
इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रेग एरविन के नाम था. उन्होंने 2024 में बुलावायो में अफगानिस्तान के खिलाफ 39 साल और 129 दिन की उम्र में 104 रन की पारी खेली थी. इस सूची में तीसरे स्थान पर सीन विलियम्स हैं, जिन्होंने 2025 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 38 साल और 275 दिन की उम्र में 137 रन बनाए थे.
ये भी पढ़ें: ICC Test Rankings: स्टार्क बने दुनिया के नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज, बुमराह टॉप-5 में बरकरार; देखें टॉप-10 की लिस्ट
टेस्ट शतकों के मामले में ग्रांट फ्लावर को छोड़ा पीछे
अफगानिस्तान के खिलाफ लगाया गया यह ब्रेंडन टेलर के टेस्ट करियर का सातवां शतक है. इसके साथ ही उन्होंने जिम्बाब्वे के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज ग्रांट फ्लावर और सीन विलियम्स को पीछे छोड़ दिया है. दोनों के नाम टेस्ट क्रिकेट में छह-छह शतक दर्ज हैं.
जिम्बाब्वे के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में अब टेलर दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. उनसे आगे केवल एंडी फ्लावर हैं, जिन्होंने अपने टेस्ट करियर में 12 शतक लगाए हैं.
ये भी पढ़ें: Ronaldo Love Life: मैदान के बाहर खूब चर्चा में रहे रोनाल्डो के अफेयर्स, इन 5 महिलाओं से जुड़ा नाम
40 की उम्र के बाद शतक लगाने वाले खास क्लब में शामिल
टेलर ने अपनी इस पारी के दम पर 21वीं सदी में 40 साल की उम्र पार करने के बाद टेस्ट शतक लगाने वाले चुनिंदा बल्लेबाजों के क्लब में भी जगह बना ली है. इस सूची में उनसे आगे पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मिस्बाह-उल-हक हैं. मिस्बाह ने 2016 में लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ 42 साल और 47 दिन की उम्र में शतक लगाया था.
वहीं, वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज शिवनारायण चंद्रपॉल ने 2014 में बांग्लादेश के खिलाफ 40 साल और 28 दिन की उम्र में शतकीय पारी खेली थी. अब ब्रेंडन टेलर ने भी अपनी शानदार बल्लेबाजी से इस खास सूची में जगह बना ली है.
ये भी पढ़ें: विराट की प्लेलिस्ट में कौन-कौन से गाने हैं शामिल? इन सिंगर्स को सुनते हैं किंग कोहली