Friday, 6 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

कुत्तों के हमले में शुगर मिल कर्मचारी की मौत:ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे; रोहतक में ग्रामीणों ने छुड़ाया था

INT News5 November 2026 at 10:13 pm

रोहतक जिले में महम क्षेत्र के खरकड़ा गांव में आवारा कुत्तों के हमले में शुगर मिल कर्मचारी जयवीर की मौत हो गई। वह ड्यूटी खत्म कर इलेक्ट्रिक स्कूटी से घर लौट रहे थे। गांव की एक गली में कुत्तों ने जयवीर पर हमला कर दिया। स्कूटी का संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद कुत्तों ने उन पर फिर हमला किया और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने कुत्तों को भगाकर जयवीर को छुड़ाया। उन्हें इलाज के लिए पीजीआई रोहतक ले जाया गया, जहां चोटें अधिक होने के कारण उनकी मौत हो गई। ग्रामीण बोले- पहले भी हमला कर चुके आवारा कुत्ते ग्रामीणों ने बताया कि गांव में आवारा कुत्ते पहले भी कई लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर चुके हैं। इस समस्या को लेकर उन्होंने प्रशासन से शिकायत की थी, लेकिन उनके मुताबिक अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से कुत्तों को पकड़ने और गांव के लोगों की सुरक्षा के लिए कदम उठाने की मांग की। गांव में किया गया अंतिम संस्कार महम थाना प्रभारी रोशनलाल ने बताया कि उन्हें खरकड़ा निवासी जयवीर पर कुत्तों के हमले की सूचना मिली थी। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि गांव के आवारा कुत्तों ने उन पर हमला किया था। रोशनलाल के मुताबिक, जयवीर को इलाज के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया था। दोपहर बाद उनकी मौत हो गई। गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया।