समाचार · झारखंड
पीएम मोदी ने मां का हाल पूछकर भावुक कर दिया...दिल्ली में पैरा एथलीट्स के सम्मान समारोह में बोले अर्जुन मुंडा

सरायकेला : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आत्मीयता और संवेदनशीलता ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह भारतीय तीरंदाजी संघ (AAI) के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा को भावुक कर दिया. गुरुवार को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी खेल परिसर स्थित केडी जाधव हॉल में एशियाई पैरा खेल 2026 में देश का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों के सम्मान व संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इस गरिमामय समारोह में शामिल हुए अर्जुन मुंडा से प्रधानमंत्री ने उनकी माताजी के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनका कुशलक्षेम पूछा. प्रधानमंत्री के इस आत्मीय और व्यक्तिगत सरोकार से अभिभूत होकर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने उनके प्रति दिल से आभार जताया.
मां के स्वास्थ्य के बारे में पूछना अविस्मरणीय क्षण : अर्जुन मुंडा
अर्जुन मुंडा ने कहा कि इतने बड़े राष्ट्रीय मंच पर खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई के बीच प्रधानमंत्री द्वारा उनकी मां के स्वास्थ्य के बारे में पूछना उनके लिए अत्यंत भावुक और अविस्मरणीय क्षण रहा. उन्होंने कहा कि देश के शीर्ष नेतृत्व का यह व्यक्तिगत स्नेह और संवेदनशीलता उनके सहज और सहृदय व्यक्तित्व को साफ दर्शाता है.
ये भी पढ़ें : Video : दिवाली-धनतेरस पर जमशेदपुर में सुरक्षा का अभेद्य चक्रव्यूह, SSP ने बताया फुलप्रूफ एक्शन प्लान
114 पदक जीतकर भारत ने रचा इतिहास
एशियाई पैरा खेल 2026 में भारतीय दल के ऐतिहासिक प्रदर्शन की सराहना करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि देश के पैरा एथलीटों ने 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदक सहित कुल 114 पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है. इस दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने 5 विश्व रिकॉर्ड और 9 एशियाई रिकॉर्ड ध्वस्त कर अपनी प्रतिभा और अदम्य साहस का लोहा मनवाया. भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष के तौर पर उन्होंने तीरंदाजों के प्रदर्शन पर विशेष खुशी जताई. उन्होंने बताया कि तीरंदाजी टीम ने 3 स्वर्ण और 3 रजत पदक जीते हैं, जो एशियाई पैरा खेलों के किसी भी संस्करण में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. पूर्व मुख्यमंत्री ने भारतीय दल की महिला खिलाड़ियों के जज्बे को सलाम करते हुए कहा कि दल में शामिल 56 महिला एथलीट्स में से 34 ने पदक अपने नाम कर देश की बेटियों के आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प को साबित किया है.
पैरा खेलों को और मजबूती देने का संकल्प
मुंडा ने कहा कि खिलाड़ियों की यह ऐतिहासिक उपलब्धि देश में पैरा खेलों के बुनियादी ढांचे और सुविधाओं को और मजबूत करने की प्रेरणा देती है. उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण और पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराकर भविष्य में और बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं. उन्होंने सभी विजयी खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों और सपोर्टिंग स्टाफ को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
ये भी पढ़ें : Video : धनतेरस पर झाड़ू की डिमांड, साकची की 40 साल पुरानी दुकान बनी परंपरा की गवाह, जानें एक या दो...कितनी झाड़ू लेना शुभ