Saturday, 15 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

स्कूली बच्चों को ABVP रैली में शामिल कराने का आरोप:कांग्रेस ने DEO को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग

INT News15 August 2026 at 02:49 pm

मनेन्द्रगढ़ में कांग्रेस नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने शासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की तिरंगा रैली में शामिल किए जाने के आरोप पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन सौंपने पहुंचे नेताओं ने कहा कि वे तिरंगा यात्रा और राष्ट्रभक्ति की भावना का पूर्ण समर्थन करते हैं। हालांकि, शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को किसी राजनीतिक संगठन के बैनर या झंडे के साथ रैली में शामिल कराना एक गंभीर और चिंताजनक विषय है। उन्होंने जोर दिया कि शासकीय शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को राजनीतिक गतिविधियों से दूर रखा जाना चाहिए। डीईओ से मामले की जांच की मांग नेताओं ने जिला शिक्षा अधिकारी से मांग की कि वे मामले की तथ्यात्मक और निष्पक्ष जांच करें। उन्होंने यह स्पष्ट करने को कहा कि विद्यार्थियों को रैली में किसके निर्देश पर और किन परिस्थितियों में शामिल किया गया था। इसके साथ ही, भविष्य में शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की ऐसी गतिविधियों में भागीदारी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग की गई। इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केशरवानी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष हफीज मेमन, जिला प्रवक्ता एवं पार्षद स्वप्निल सिन्हा, NSUI के जिला उपाध्यक्ष शिवम सिंह राजपूत, कांग्रेस के जिला महामंत्री राजेश सिंह, पार्षद अजय जायसवाल और गिरधर जायसवाल, रवि जैन, मंडलम अध्यक्ष अमित पुरी, मोहम्मद नईम, गौरव गुप्ता, सौरव गुप्ता, तमश, नीरज, मोहित, पवन, महिला कांग्रेस की गीतिका चंदेल एवं मोहनी महतो सहित कई अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।