Saturday, 15 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

महापौर-कलेक्टर ने स्वतंत्रता दौड़-तिरंगा रैली को दिखाई हरी झंडी:राजनांदगांव में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने लिया हिस्सा, देशभक्ति का उत्साह

INT News15 August 2026 at 02:45 pm

राजनांदगांव में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने भव्य स्वतंत्रता दौड़ एवं तिरंगा रैली का आयोजन किया। 'हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता' और 'स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग' थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम को महापौर मधुसूदन यादव और कलेक्टर जितेंद्र यादव ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम खेल परिसर (गौरव पथ) से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और सभी वर्गों के नागरिकों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामकर हिस्सा लिया। उनके देशभक्ति नारों से पूरा शहर गूंज उठा, जिससे पूरे वातावरण में उत्साह और उमंग का संचार हुआ। शहर की सड़कों पर गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश यह रैली अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम से शुरू होकर गौरव पथ रोड, वीआईपी रोड, आम्बेडकर चौक और दिग्विजय स्टेडियम के सामने से गुजरी। इसके बाद, यह वापस वीआईपी रोड के रास्ते अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में समाप्त हुई। इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव ने सभी जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, केंद्रीय सहकारी बैंक अध्यक्ष सचिन बघेल, जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, संतोष अग्रवाल और सुरेश एच लाल ने भी इस राष्ट्रीय पर्व की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र प्रेम का संदेश दिया। अभियान से देशभक्ति की भावना को मिल रही नई ऊर्जा कलेक्टर जितेंद्र यादव ने अपने संबोधन में बताया कि 9 अगस्त से 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दौड़ जैसी गतिविधियां समाज को नई ऊर्जा और राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देती है। कलेक्टर ने भविष्य में ऐसे आयोजनों को और व्यापक रूप देने की बात कही। कलेक्टर जितेंद्र यादव ने कहा, "स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को स्मरण करते हुए यह आयोजन किया गया है। ऐसे कार्यक्रम नागरिकों में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करते हैं।"