समाचार · मध्य प्रदेश
स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के बाद गड्ढे में गिरे दो बच्चे:रीवा में स्कूल मैदान की पानी भरी बबली में पैर फिसला, दोनों की हालत नाजुक
रीवा के गढ़ थाना क्षेत्र में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़ के खेल मैदान में बनी बबली में दो बच्चे डूब गए। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के बाद पैर फिसलने से शिव पाठक और सुभाष सोनी पानी में जा गिरे। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे की है। बताया गया कि दोनों बच्चे स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विद्यालय आए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों खेल मैदान की तरफ चले गए। इसी दौरान मैदान में बनी पानी से भरी गहरी बबली के पास पहुंचे, जहां हादसा हो गया। ग्रामीणों ने बाहर निकाला, हालक नाजुक
बच्चों के पानी में गिरने की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद दोनों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगेव पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटनास्थल पर चेतावनी के इंतजाम नहीं थे
जानकारी के मुताबिक, शिव पाठक पतंजलि पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में, जबकि सुभाष सोनी बाल भारती विद्यालय में अध्ययनरत है। दोनों स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विद्यालय परिसर पहुंचे थे। हादसे के बाद विद्यालय के खेल मैदान की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। मैदान में गहरी बबली में पानी भरा होने के बावजूद उसके आसपास सुरक्षा या चेतावनी के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने की बात सामने आ रही है। फिलहाल दोनों बच्चों का गंगेव अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस घटना की जानकारी जुटा रही है।