समाचार · पंजाब
कपूरथला में स्वतंत्रता दिवस की धूम:डीसी ने फहराया तिरंगा, शहीद परिवार सम्मानित; जरूरतमंदों को बांटी सिलाई मशीनें
कपूरथला के गुरु नानक स्टेडियम में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलास्तरीय समारोह उत्साह और देशभक्ति के माहौल में आयोजित किया गया। उपायुक्त (डीसी) आकाश बंसल ने मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव तूरा सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद डीसी आकाश बंसल ने परेड का निरीक्षण किया। विभिन्न टुकड़ियों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत कर देशभक्ति की भावना का प्रदर्शन किया। समारोह के दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। शहर के प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगे झंडे लहराते नजर आए, जबकि माल रोड को तिरंगे रंगों की रोशनी से सजाया गया था। DC ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद किया अपने संबोधन में डीसी आकाश बंसल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों की कुर्बानियों को याद करते हुए कहा कि उनके बलिदानों की बदौलत ही देश को आजादी मिली है। इस मौके पर स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों को सम्मानित किया गया। समारोह में नशे और अपराध के खिलाफ अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सिलाई मशीनें और दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिलें वितरित कर सहायता प्रदान की गई।