समाचार · मध्य प्रदेश
दमोह में पर्यटन मंत्री ने फहराया तिरंगा:स्वतंत्रता दिवस पर परेड की सलामी ली, उत्कृष्ट कार्य करने वाले सम्मानित
दमोह जिले में स्वतंत्रता दिवस का पर्व धूमधाम से मनाया गया। शहर के तहसील ग्राउंड में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया। मंत्री लोधी ने परेड की सलामी ली, जिसमें पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी और स्काउट के जवानों ने मार्च पास्ट किया। इस अवसर पर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, एसपी आनंद कलादगी, दमोह विधायक जयंत मलैया और सांसद राहुल सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के बाद मंत्री लोधी ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। हल्की बारिश के बावजूद प्लाटून कमांडरों ने परेड को सलामी दी। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही, बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। जिले के सभी ब्लॉकों में भी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। पथरिया के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें जनपद अध्यक्ष के द्वारा ध्वजारोहणकर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। विधायक की ओर से मिलेगी मेधावी छात्राें को 11 हजार इस मौके पर पथरिया विधायक और मंत्री लखन पटेल के बेटे लकी पटेल ने अपने पिता की ओर से महत्वपूर्ण घोषणा की कि जो भी छात्र कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगा उसे 11000 की राशि दी जाएगी। यह राशि मंत्री की ओर से छात्रों को मुहैया कराई जाएगी। मंत्री लखन पटेल के बेटे लकी पटेल ने कहा की शासन की ओर से छात्रों को जो सहायता राशि मिल रही है वह तो मिलेगी ही। उनके पिता ने यह संकल्प लिया है कि इस वर्ष से कक्षा 12वीं में शासकीय व निजी स्कूल के जो भी विद्यार्थी अच्छा प्रदर्शन करेंगे उन्हें 11000 की राशि मंत्री लखन पटेल की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी।