समाचार · मध्य प्रदेश
किसान कांग्रेस ने राज्यपाल को ज्ञापन दिया:खाद कोटा बढ़ाने, स्लॉट सिस्टम खत्म करने और खरीदी जल्द शुरू करने की मांग
शाजापुर में जिला किसान कांग्रेस ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार दोपहर कलेक्ट्रेट कार्यालय में राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इसमें खाद वितरण व्यवस्था में सुधार, पर्याप्त खाद कोटा निर्धारित करने, स्लॉट सिस्टम खत्म करने और खरीफ फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी अक्टूबर अंत से शुरू करने की मांग की गई। नायब तहसीलदार राकेश चौहान ने यह ज्ञापन स्वीकार किया। किसान कांग्रेस ने बताया कि वर्तमान में खाद प्राप्त करने के लिए लागू स्लॉट सिस्टम से किसानों को काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को स्लॉट लेने, समय पर जानकारी प्राप्त करने और निर्धारित समय पर खाद लेने में दिक्कतें आती हैं। इसलिए किसानों की सुविधा के लिए इस स्लॉट सिस्टम को समाप्त करने की मांग की गई है। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि सरकार द्वारा निर्धारित खाद का कोटा किसानों की वास्तविक जरूरत से कम है। पर्याप्त खाद न मिलने के कारण किसानों को भटकना पड़ रहा है, जिससे उनके कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। किसान कांग्रेस ने मांग की है कि जरूरत के अनुसार खाद का कोटा बढ़ाकर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराया जाए। इसके अतिरिक्त, खरीफ फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी अक्टूबर के अंत से शुरू करने की मांग भी रखी गई। किसान कांग्रेस के अनुसार, खरीदी में देरी होने पर किसान अपनी आर्थिक जरूरतों के चलते उपज को कम कीमत पर बाजार में बेचने को मजबूर हो जाते हैं। समय पर सरकारी खरीदी शुरू होने से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सकेगा।