national · पंजाब
पंजाब AAP में विधायकों के इस्तीफे का दौर जारी: विजय प्रताप ने छोड़ी विधायकी, 1 नवंबर को भी हुए थे 2 इस्तीफे

AAP MLA Resign: पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले आम आदमी पार्टी (AAP) की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. पार्टी को एक के बाद एक झटके लग रहे हैं. पहले दो मौजूदा विधायकों ने दूरी बनाई और अब पूर्व पुलिस अधिकारी व अमृतसर उत्तर से विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी विधानसभा की सदस्यता छोड़ दी है. गौर करने वाली बात यह है कि ये इस्तीफे आप की तरफ से उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी होने के तुरंत बाद सामने आए हैं. इस पहली सूची में कुंवर विजय प्रताप का नाम शामिल नहीं था.
इस्तीफे की ठोस वजह बताए बिना कुंवर विजय प्रताप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक लंबा संदेश साझा किया. उन्होंने लिखा कि बतौर विधायक उन्होंने अपने 90 प्रतिशत लक्ष्य पूरे कर लिए हैं. उन्होंने किसी नेता पर सीधा आरोप तो नहीं लगाया, लेकिन साफ कहा कि राजनीति में 'माई-बाप' वाली संस्कृति को खत्म करना ही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि रही है.
सोशल मीडिया पोस्ट कर क्या कहा?
आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने अमृतसर की जनता के नाम एक भावुक संदेश जारी करते हुए पंजाब विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफे का ऐलान कर दिया है. उन्होंने अपने कार्यकाल को जनता के अधिकारों और बुनियादी मुद्दों के लिए समर्पित बताते हुए कहा कि बतौर विधायक उन्होंने अपने 90 प्रतिशत लक्ष्य पूरे किए और राजनीति में 'माई-बाप' संस्कृति को खत्म करने का काम किया.
पंजाब को नशा, फिरौती, गैंगस्टरवाद और भ्रष्टाचार से मुक्त कर एक प्रगतिशील राज्य बनाने का आह्वान करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका एकमात्र उद्देश्य 'पंजाब फर्स्ट' है और वे आने वाले समय में जनता के साथ मिलकर स्वच्छ राजनीति और पारदर्शी प्रशासन की दिशा में आगे बढ़ेंगे.
ये भी पढ़ें: कांग्रेस ने भीड़ जुटाने के लिए बनाया खास प्लान, नेताओं को दिए गए 100 समर्थक लाने के टारगेट!