Friday, 14 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

रायसेन में स्वास्थ्य राज्यमंत्री पटेल करेंगे ध्वजारोहण:स्वतंत्रता दिवस के मुख्यसमारोह में मुख्यमंत्री का चलेगा संदेश, 12 प्लाटून की होगी परेड

INT News14 August 2026 at 06:54 pm

रायसेन जिले में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह के साथ मनाया जाएगा। सागर रोड स्थित होमगार्ड परेड मैदान में जिले का मुख्य समारोह आयोजित होगा। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ध्वजारोहण करेंगे। समारोह में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट और एसएएफ के जवान परेड में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। सुबह 9 बजे शुरू होगा समारोह मुख्य समारोह की शुरुआत सुबह 9 बजे मुख्य अतिथि के आगमन के साथ होगी। सुबह 9:04 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रगान और परेड की सलामी होगी। मुख्य अतिथि परेड का निरीक्षण करेंगे और इसके बाद मार्च पास्ट होगा। सेनानियों और शहीद परिवारों को न्योता समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल शहीद सैनिकों के परिवारों और प्रदेश के लोकतंत्र सेनानियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। वृद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को उनके घर जाकर शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के संदेश का होगा सीधा प्रसारण सुबह 9:30 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रदेश की जनता के नाम संदेश का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके बाद स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल बधाई संदेश का वाचन करेंगे। समारोह के दौरान आकाश में गुब्बारे छोड़े जाएंगे। इसके बाद स्कूली छात्र-छात्राएं देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। समारोह के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। स्थानीय स्तर पर भी होगा ध्वजारोहण स्वतंत्रता दिवस पर जनपद पंचायत मुख्यालयों में जनपद अध्यक्ष, नगर पालिका और नगर परिषद मुख्यालयों में अध्यक्ष तथा पंचायत मुख्यालयों में सरपंच ध्वजारोहण करेंगे। जिले के शासकीय भवनों, प्रमुख सार्वजनिक भवनों और राष्ट्रीय महत्व की इमारतों पर 14 और 15 अगस्त की रात विशेष प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।