समाचार · पंजाब
अमृतसर में ट्रैक पर कार खड़ी करने पर ASI सस्पेंड:VIDEO वायरल होने पर अधिकारियों ने लिया एक्शन, मेडिकल रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई
अमृतसर पुलिस ने रेलवे ट्रैक पर कार खड़ी करने के मामले में कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने एक सहायक उप-निरीक्षक (ASI) को सस्पेंड कर लाइन हाजिर कर दिया है। पुलिस ने संबंधित ASI का मेडिकल भी करवाया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर उसके खिलाफ आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी। पिछले दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें एक पुलिसकर्मी की कार रेलवे ट्रैक पर खड़ी दिखाई दे रही थी। वीडियो में दावा किया गया था कि पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर शराब के नशे में यह कार ट्रैक पर खड़ी की थी। अमृतसर ट्रैफिक पुलिस की ADCP अमनदीप कौर ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ASI को सस्पेंड कर लाइन हाजिर किया गया है। उसका मेडिकल भी करवाया गया है। यह मेडिकल रिपोर्ट यह स्पष्ट करेगी कि घटना के समय ASI शराब के नशे में था या नहीं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल मामले की जांच जारी है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद उसके आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वाहन रेलवे ट्रैक पर किन परिस्थितियों में खड़ा किया गया था और इससे रेलवे परिचालन या सुरक्षा को कोई खतरा तो नहीं हुआ। पुलिस विभाग ने दोहराया है कि सभी तथ्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।