समाचार · मध्य प्रदेश
नागौद जनसुनवाई में 80% मामलों का मौके पर निराकरण:कलेक्टर-एसपी ट्रेवलर से पहुंचे, 5 सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बने
सतना। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को नागौद जनपद पंचायत सभागार में जनसुनवाई आयोजित की गई। इसमें कुल 100 मामले सामने आए, जिनमें से 80 का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष 20 मामले न्यायालय में लंबित पाए गए। जिला मुख्यालय से कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और एसपी हंसराज सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ट्रेवलर वाहन से नागौद पहुंची। जनसुनवाई में स्थानीय विधायक नागेन्द्र सिंह भी उपस्थित रहे। जनसुनवाई के दौरान ग्राम मौहारी निवासी गुल्लन प्रसाद वर्मा के परिवार को तत्काल राहत मिली। उनके साथ उनकी पत्नी सरिता वर्मा, बेटियां सुहाना और प्राची वर्मा, तथा पुत्र ऋतिक वर्मा सहित परिवार के पांच सदस्यों के आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनाए गए। नागौद विधायक नागेंद्र सिंह ने हितग्राही परिवार को ये कार्ड प्रदान किए। जनसुनवाई के बाद प्रशासनिक टीम ने संदीपनी स्कूल का दौरा किया। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से उनकी पढ़ाई और रुचियों के बारे में बातचीत की। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर ईमानदारी से मेहनत करने से ही सार्थक परिणाम मिलते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने चुने हुए क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आग्रह किया। इसके उपरांत, टीम ने सिविल अस्पताल का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से संवाद कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति जानी। अधिकारियों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।