समाचार · पंजाब
फाजिल्का की सरकारी गौशाला पर लाखों का कर्ज:डेढ़ महीने में 15 गौवंश की मौत का दावा, आयोग ने लिया जायजा
फाजिल्का के गांव नया सलेमशाह स्थित सरकारी गौशाला की बदहाल स्थिति एक बार फिर चर्चा में है। गौशाला पर लाखों रुपये का कर्ज होने और स्टाफ की भारी कमी के कारण गौवंश की देखभाल प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों का दावा है कि पिछले करीब डेढ़ महीने के दौरान लगभग 15 गौवंश की मौत हो चुकी है, जिससे चिंता का माहौल बना हुआ है। इसी बीच पंजाब गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष कीमती भगत ने गौशाला का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दौरे के दौरान स्थानीय निवासियों और गौशाला में सेवा करने वाले दानी सज्जनों ने उन्हें विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पर्याप्त स्टाफ न होने के कारण गौवंश की देखभाल में कठिनाइयां आ रही हैं। साथ ही, आर्थिक संकट के चलते गौशाला पर लाखों रुपये का कर्ज हो चुका है। सेवादार बोले- उधार पर चारा मिलना भी बंद हो गया सेवादारों ने बताया कि बकाया भुगतान न होने के कारण बाजार से उधार पर चारा मिलना भी बंद हो गया है। ऐसे में कई दानी सज्जन अपने स्तर पर सहयोग कर गौवंश के लिए चारे की व्यवस्था कर रहे हैं। उन्होंने सरकार और प्रशासन से जल्द राहत देने की मांग की। उपाध्यक्ष कीमती भगत ने कहा कि सभी शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए हैं और आश्वासन दिया कि 20 दिन बाद दोबारा दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।