Friday, 7 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बड़वानी में जनविश्वास अभियान की 20 पंचायतों से शुरुआत:कलेक्टर ने सुनीं समस्याएं, मौके पर ही दिया लाभ; अब हर शुक्रवार होगा जन-संवाद

INT News7 August 2026 at 07:44 pm

बड़वानी जिले में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 की शुरुआत हो गई है। अभियान के पहले चरण में बोरलाय और बालकुआ क्लस्टर की 20 ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर लगाए गए। जिला प्रशासन अब हर शुक्रवार को क्षेत्र भ्रमण कर सीधे नागरिकों की समस्याएं सुनेगा। कलेक्टर ने तलून खुर्द और बगुद में निरीक्षण किया कलेक्टर जयति सिंह ने खुद ग्राम पंचायत तलून खुर्द और बगुद के शिविरों का निरीक्षण कर विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी पात्र हितग्राहियों को तत्काल लाभ देने के सख्त निर्देश दिए। वहीं, एसडीएम भूपेन्द्र रावत और नोडल अधिकारियों ने गांवों का दौरा कर स्कूल, आंगनवाड़ी और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की व्यवस्थाएं जांचीं। शिविरों में मौके पर ही तैयार हुए दस्तावेज और पेंशन आधार और फार्मर आईडी: कसरावद निवासी दीपक वास्कले की बेटी का मौके पर ही आधार कार्ड बनाया गया, जबकि बगुद में किसान पप्पू और विजय कालिया की फार्मर आईडी तैयार की गई। लाड़ली लक्ष्मी व पेंशन: कसरावद में लाड़ली लक्ष्मी योजना के आवेदन स्वीकृत किए गए और धमनई गांव के भाव सिंह का सामाजिक सुरक्षा पेंशन सत्यापन का काम पूरा हुआ। घर पहुंचकर बनाया आयुष्मान कार्ड: ग्राम बगुद में अंबिका और उनके पति गोपाल का आयुष्मान कार्ड बनाया गया। वहीं प्रशासनिक टीम ने संवेदनशीलता दिखाते हुए पिपलाज गांव में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला गोदावरी के घर पहुंचकर उनका आयुष्मान कार्ड बनाया। कलेक्टर जयति सिंह ने बताया- अभियान के माध्यम से लोक सेवाओं को समय-सीमा में उपलब्ध कराने, शासकीय योजनाओं की जमीनी स्थिति की समीक्षा करने और नागरिकों की समस्याओं के निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।