समाचार · मध्य प्रदेश
बुरहानपुर चौथे दिन काम पर लौटे पटवारी:सरकार ने 5 में से 4 मांगें मानीं, अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित
बुरहानपुर में अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे पटवारियों ने शुक्रवार शाम हड़ताल समाप्त कर दी। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा चार मांगें मान लिए जाने के बाद पटवारी काम पर लौट आए। यह हड़ताल चार दिन तक चली। मध्य प्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर मंगलवार से प्रदेशभर के पटवारी हड़ताल पर थे। उनकी प्रमुख मांगों में कैडर रिव्यू, समयमान वेतनमान, जज प्रोटेक्शन एक्ट, नायब तहसीलदार विभागीय परीक्षा, लंबित मानदेय का भुगतान और पदाधिकारियों के स्थानांतरण से जुड़े मुद्दे शामिल थे। कैडर रिव्यू के लिए बनी समिति मप्र पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष राहुल सिंह तोमर ने बताया कि सरकार ने चार मांगों का तत्काल निराकरण कर दिया है। वहीं, कैडर रिव्यू की मांग के लिए एक समिति बनाई गई है। समिति ने तीन महीने में इस पर निर्णय लेने का आश्वासन दिया है। सरकार के आश्वासन के बाद प्रदेशभर के साथ बुरहानपुर के पटवारियों ने भी अपनी हड़ताल अगले तीन महीने के लिए स्थगित कर दी है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यदि तय समय में पांचवीं मांग का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आगे की रणनीति तय करेगा।