Friday, 7 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज में ग्रामीण स्कूलों का दबदबा:बिरसा, परसवाड़ा और नेवरगांव टीम विजेता; टॉप-2 को मिलेगा पर्यटन स्थलों पर घूमने का मौका

INT News7 August 2026 at 07:56 pm

बालाघाट मुख्यालय के उत्कृष्ट विद्यालय सभागार में शुक्रवार को पर्यटन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूली बच्चों की टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मुख्य रूप से पर्यटन पर आधारित यह क्विज दो चरणों में आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग लिया। प्रतियोगिता दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चली। मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग प्रतिवर्ष स्कूली विद्यार्थियों को राज्य के इतिहास, संस्कृति, पर्यटन स्थलों और प्राकृतिक धरोहर से परिचित कराने के उद्देश्य से इस क्विज प्रतियोगिता का आयोजन करता है। शुक्रवार को आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के सभी 10 विकासखंडों के शासकीय और अशासकीय विद्यालयों की कुल 207 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का पहला चरण लिखित परीक्षा के रूप में आयोजित किया गया। इसमें से चयनित शीर्ष छह टीमों ने मल्टीमीडिया राउंड में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस राउंड में शासकीय स्कूल बिरसा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शासकीय स्कूल परसवाड़ा की टीम द्वितीय और शासकीय स्कूल वारासिवनी नेवरगांव की टीम तृतीय स्थान पर रही। प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी विकास कुमार रघुवंशी ने बताया कि विजेता और उपविजेता टीमों को मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम की ओर से पर्यटन भ्रमण कूपन और मेडल प्रदान किए जाएंगे। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बालाघाट जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस आयोजन को पर्यटन और स्कूल शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से करते हैं।