Friday, 7 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

JPSC-JSSC मुद्दे पर सदन के बाहर-भीतर हंगामा, ठप रही कार्यवाही

INT News7 August 2026 at 07:44 pm

Jharkhand Assembly Session: झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र शुक्रवार को जेपीएससी और जेएसएससी की विवादित परीक्षाओं के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे की भेंट चढ़ गया. सदन के बाहर और भीतर इस मुद्दे को लेकर विपक्ष के विधायकों ने विरोध प्रदर्शन किया. दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी विधायक परीक्षाओं की सीबीआइ जांच की मांग को लेकर वेल में पहुंच गये और सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. 'नौकरी के दुश्मन गद्दी छोड़', 'हेमंत सोरेन इस्तीफा दो' और 'परीक्षाओं की सीबीआइ जांच कराओ' जैसे नारों से सदन गूंजता रहा. इस दौरान स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने माहौल शांत कराने का प्रयास करते हुए विपक्ष के नारों पर चुटकी ली और कहा, 'पहले नीट वाला होगा या जेपीएससी वाला होगा.'

विपक्ष ने नहीं मानी स्पीकर की अपील

स्पीकर ने विधायकों से अपनी सीटों पर लौटने और प्रश्नकाल चलने देने का आग्रह करते हुए कहा कि यह मॉनसून सत्र है. इसलिए खेती-किसानी और जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए. जनता के सवाल हैं, उन्हें सदन में आने दें .हालांकि, विपक्ष ने उनकी अपील नहीं मानी और करीब 20 मिनट तक लगातार हंगामा जारी रखा. इसके बाद स्पीकर ने दोपहर 12.30 बजे सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी. दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर भी विपक्ष का विरोध जारी रहा. विपक्ष के विधायक वेल में घुस गये. हंगामे के बीच वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने पहला अनुपूरक बजट और बैंकिंग रिपोर्ट सदन के पटल पर रखी, जिसके बाद कार्यवाही फिर स्थगित कर दी गयी.

सदन में किसने क्या कहा

अदालत की निगरानी में सीबीआइ जांच करायें : बाबूलाल

प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने सदन में कहा कि झारखंड की सभी परीक्षाओं में गड़बड़ी हुई है. जेएसएससी की सहायक आचार्य, सीजीपीएल व पोस्ट ग्रेजुएट टीचर और जेपीएससी की 11वीं, 13वीं और 14वीं परीक्षा में गड़बड़ी हुई है. इसको लेकर छात्र-नौजवान सड़क पर हैं. अदालत की निगरानी में सीबीआइ जांच करायें. इससे कम में कोई समझौता नहीं होगा.

छात्रहित में काम कर रही है सरकार : किशोर

संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि कार्यमंत्रणा की बैठक हुई. सरकार ने साफ कहा है कि अनुपूरक बजट में चर्चा के दौरान समय मिलेगा, अपनी बात रखें. सरकार जवाब देने के लिए तैयार है. सरकार की मंशा साफ है. छात्रहित में सरकार काम कर रही है.

पहली-दूसरी जेपीएससी परीक्षा की जांच का क्या हुआ : सुदिव्य

मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि बाबूलाल मरांडी की चिंता जायज है. लेकिन, पहली और दूसरी जेपीएससी परीक्षा की जांच का क्या फलाफल रहा. इनको बताना चाहिए कि उस जांच का क्या हुआ. इनके रिश्तेदार आज भी नौकरी कर रहे हैं.

इसे भी पढ़ें: JSSC ने जारी किया झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता परीक्षा 2024 का प्रोविजनल मॉडल आंसर, 11 अगस्त तक ऑनलाइन आपत्ति

छात्रों पर लाठी-गोली चलाने वाले राजनीति कर रहे : प्रदीप

कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि गठबंधन की सरकार छात्रों के हित में है. राज्य के कई विषय हैं, जिसे सदन में लाया जाना था. लेकिन, विपक्ष सदन की कार्यवाही को बाधित कर रहा है. छात्रों पर लाठी-गोली चलाने वाले छात्र हित की बात कर रहे हैं. ये लोग केवल राजनीति कर रहे हैं.

इसे भी पढ़ें: JPSC Student Protest: जनवादी लेखक संघ ने छात्रों के आंदोलन का किया समर्थन, सरकार से वार्ता की पहल करने की अपील