समाचार · मध्य प्रदेश
जबलपुर में सांड ने युवक को उठाकर सड़क पर पटका:इलाज के दौरान मौत, घटना सीसीटीवी में कैद; निगम अधिकारी बोले-रोजाना पकड़ते हैं पर रखे कहां
जबलपुर में आवारा मवेशियों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। हनुमानताल क्षेत्र में सड़क पर लड़ रहे दो सांडों में से एक ने पैदल जा रहे युवक को उठाकर पटक दिया। इसके बाद सांड उसके ऊपर से गुजरते हुए भाग गए। घटना में घायल युवक को स्थानीय लोग जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान गोराबाजार निवासी रवि यादव के रूप में हुई है। वह दूध का कारोबार करता था। घटना 5 सितंबर शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है और पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। सड़क पर सांडों की लड़ाई, थम गया ट्रैफिक जानकारी के मुताबिक शाम को सड़क पर दो सांड लड़ रहे थे। इसके कारण यातायात रुक गया था। इसी दौरान रवि वहां से निकल रहा था। दुकान के पास मौजूद लोगों ने सांडों को हटाने के लिए पानी डालना शुरू किया। तभी एक सांड ने पीछे से रवि पर हमला कर दिया और उसे उठाकर सड़क पर पटक दिया। घटना के बाद दोनों सांड वहां से भाग गए। लोगों ने ऑटो से पहुंचाया अस्पताल हमले के बाद रवि काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे ऑटो से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल ने बताया कि मृतक दूध व्यवसायी था और दूध लेकर आया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। नगर निगम बोला- शहर में 20 हजार से ज्यादा आवारा मवेशी नगर निगम अधिकारी कुशाग्र सिंह ठाकुर ने बताया कि शहर में 20 हजार से अधिक आवारा मवेशी हैं। इन्हें पकड़ने के लिए 80 कर्मचारी लगाए गए हैं और रोजाना 70 से 80 मवेशियों को पकड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि तिलवारा में 800, रामपुर में 130 और उमरिया में 170 मवेशियों को रखने की क्षमता है। इससे अधिक मवेशियों को रखने की व्यवस्था नहीं है। अधिकारी के मुताबिक, कई स्थानों पर मवेशियों को पकड़ने के दौरान कुछ गौभक्तों की ओर से विवाद की स्थिति भी बनती है।