Sunday, 6 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

उमरिया में 3 Km लंबा रास्ता बना किचड़ का दलदल:ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी; पंचायत सचिव बोले- बजट नहीं, अधिकारियों को चिट्ठी लिखी

INT News6 September 2026 at 12:41 pm

उमरिया जिले के मानपुर विकासखंड का करीब 3 किलोमीटर लंबा पहुंच मार्ग की हालत बदहाल है। ग्राम पंचायत पलझा में बंधा टोला से चंदवार तक के इस रास्ते पर लगातार बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ और दलदल हो गया है। इससे लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। ग्रामीण बोले- शिकायत करने पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा ग्रामीणों ने सड़क की इस समस्या को लेकर 181 पर शिकायत भी की थी, लेकिन इसके बावजूद सड़क की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इससे ग्रामीण नाराज हैं। अब वे खुद सड़क के वीडियो बनाकर अधिकारियों को भेज रहे हैं और सोशल मीडिया के जरिए भी समस्या पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। गांव से बाहर जाने में भी दिक्कत-परेशानी करीब तीन किलोमीटर के इस रास्ते की हालत बारिश के दौरान और खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह पानी और कीचड़ जमा होने से दोपहिया वाहन निकालना भी मुश्किल है। किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने और जरूरी काम से गांव से बाहर जाने में भी दिक्कतें आ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क लंबे समय से खराब है, लेकिन बारिश के मौसम में समस्या बहुत बढ़ गई है। ग्राम पंचायत सचिव बोले- मुरुम डालनी के लिए उपलब्ध संसाधन-बजट नहीं ग्राम पंचायत पलझा के सचिव रामावतार ने बताया कि सड़क को चलने लायक बनाने के लिए काफी मात्रा में मुरुम डालने की जरूरत है। करीब तीन किलोमीटर के इस रास्ते पर 200 से ज्यादा ट्रॉली मुरुम लगेगी। इतनी बड़ी मात्रा में मुरुम डालने का काम पंचायत के उपलब्ध संसाधनों और बजट से संभव नहीं है। सचिव ने यह भी बताया कि सड़क की समस्या को लेकर विभागीय और उच्च अधिकारियों को चिट्ठी लिखी गई है, ताकि मार्ग के सुधार के लिए जरूरी कार्रवाई हो सके। उन्होंने साफ किया कि पंचायत की ओर से ग्रामीणों पर 181 की शिकायत वापस लेने का कोई दबाव नहीं बनाया गया है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से भी समस्या को लेकर बातचीत की है।