समाचार · मध्य प्रदेश
बालाघाट में डीजे वाहन पलटने से 13 युवक घायल:कार को बचाने में हादसा, छत्तीसगढ़ से तिरोड़ी जा रहे थे सभी
बालाघाट के गांगुलपारा में रविवार दोपहर करीब 11 से 12 बजे के बीच एक डीजे वाहन बेकाबू होकर पलट गया। इस हादसे में वाहन में सवार 13 युवक घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, डीजे वाहन छत्तीसगढ़ के मुंगेली से तिरोड़ी जा रहा था। बताया जा रहा है कि बालाघाट से बैहर की ओर जा रही एक स्विफ्ट डिजायर कार को बचाने के प्रयास में डीजे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। ये हुए घायल हादसे में घायल हुए युवकों में छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के अमर रात्रे (23), अजय पटेल (32), संजू खांडे (28), नितेश खांडे (22), संजू पटेल (28), जीतू (38), मंजीत (32), कमलेश साहू, हरीश पटेल, खेमसन पुर्रे, जीतू क्षत्रिय और चालक सिक्कू साहू (38) शामिल हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जन्माष्टमी कार्यक्रम के लिए जा रहे थे घायल अमर रात्रे ने बताया कि वे जन्माष्टमी कार्यक्रम के विसर्जन के लिए डीजे लेकर मुंगेली से बैहर होते हुए तिरोड़ी जा रहे थे। वाहन में डीजे का पूरा सामान भी लोड था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को वाहन से बाहर निकाला और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। बालाघाट से बैहर की ओर जा रहे एंबुलेंस पायलट रितेश नेवारे और ईएमटी सीमा बागड़े ने भी घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।