Sunday, 6 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

जमीन-दुकान विवाद पर एक ही समुदाय के दो पक्ष भिड़े:रायसेन में चौराहे पर लाठी-डंडे चले; दोनों पक्षों पर मारपीट का केस दर्ज

INT News6 September 2026 at 01:59 pm

रायसेन शहर के इंडियन चौराहे पर रविवार सुबह करीब 10:30 बजे जमीन और दुकान से जुड़े विवाद को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट होते देख मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस को तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग करना पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि इंडियन चौराहे पर विवाद के दौरान दोनों पक्ष एक-दूसरे के साथ मारपीट करते दिखे। इस घटना का वीडियो सामने आया है। जिसमें दोनों पक्षों के लोगों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है। विवाद की खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग-अलग कर हालात को संभाला। पुलिस की तेजी से विवाद को और बढ़ने से रोक लिया गया। मौके पर मौजूद भीड़ को भी पुलिस ने समझाकर हटाया। दोनों पक्षों पर मारपीट का केस दर्ज

कोतवाली थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल ने बताया कि इंडियन चौराहे पर स्थित एक दुकान को लेकर एक ही पक्ष के दो लोगों के बीच विवाद की खबर मिली थी। खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस ने एक पक्ष के अलमास बेग और दूसरे पक्ष के फाइम के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और विवाद की असली वजह के साथ ही जमीन-दुकान से जुड़े मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल मौके पर हालात काबू में हैं। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।