Sunday, 6 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सतना के करारी-नदी में बह गई बाइक 5वें दिन मिली:घटनास्थल से 500 मीटर दूर निकाली, दो युवकों की हो चुकी थी मौत

INT News6 September 2026 at 01:52 pm

सतना उचेहरा थाना क्षेत्र की करारी नदी में बुधवार को हुए हादसे के पांचवें दिन रविवार को ग्रामीणों ने बाइक खोज निकाली। नदी का जलस्तर कम होने के बाद बाइक घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर मिली। इसी बाइक से मैहर जिले के कुम्हारी निवासी पुष्पेंद्र लोधी और राजकुमार लोधी रिश्तेदार के यहां गमी में शामिल होने जा रहे थे। रपटा पार करते समय तेज बहाव में बहे थे दोनों पुलिस के अनुसार, दोनों युवक बुधवार को पिपरी कलां में रिश्तेदार की पत्नी के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। शाम करीब 4 बजे वे मतरी-पतौरा और भरहुत गांव के बीच करारी नदी के रपटे पर पहुंचे। नदी उस समय उफान पर थी और पानी का बहाव तेज था। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने दोनों को रपटा पार नहीं करने की सलाह दी थी। इसके बावजूद दोनों बाइक लेकर आगे बढ़ गए। तेज बहाव में बाइक समेत दोनों नदी में बह गए। रात तक घर नहीं पहुंचे तो शुरू हुई तलाश हादसे के बाद दोनों युवक रात तक घर नहीं पहुंचे। इसके बाद परिजनों ने पिपरी कलां में रिश्तेदारों से संपर्क किया। वहां भी दोनों के नहीं पहुंचने की जानकारी मिली। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। नदी में बहने की आशंका पर गुरुवार सुबह पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। 46 घंटे बाद मिले थे दोनों के शव करीब 46 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद शुक्रवार को दोनों युवकों के शव नदी के अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए थे। हालांकि उस समय बाइक का कोई पता नहीं चल सका था। रविवार को जलस्तर कम होने के बाद ग्रामीणों ने नदी में तलाश की तो घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर बाइक मिल गई। बाइक को नदी से बाहर निकाल लिया गया है।