Sunday, 6 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

रीवा में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के यूरोलॉजी-विभाग में गिरी सीलिंग:मरीज नहीं थे पास, टल गया बड़ा हादसा; पहले भी हो चुकी घटनाएं

INT News6 September 2026 at 01:40 pm

रीवा में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के थर्ड फ्लोर स्थित यूरोलॉजी विभाग में रविवार को सीलिंग का एक हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। जिस समय यह हिस्सा गिरा, वहां कोई मरीज या कर्मचारी मौजूद नहीं था। इसके चलते बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद विभाग में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। अचानक भरभराकर नीचे गिरा हिस्सा सीलिंग गिरने की आवाज सुनकर अस्पताल में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने मौके की जानकारी ली। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, सीलिंग का हिस्सा गिरने के बाद अस्पताल भवन की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर चिंता बढ़ गई है। पहले भी हो चुकी हैं सीलिंग गिरने की घटनाएं सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में सीलिंग गिरने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी अस्पताल के अलग-अलग हिस्सों में ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। न्यूरो सर्जरी वार्ड और गैलरी में भी सीलिंग गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं। करोड़ों रुपए की लागत से तैयार अस्पताल भवन में बार-बार इस तरह की घटनाएं सामने आने से नियमित रखरखाव और भवन की जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों की लगातार आवाजाही रहती है। ऐसे में किसी भी हिस्से की सीलिंग गिरने से गंभीर हादसा हो सकता है। जांच के बाद कराया जाएगा सुधार कार्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. अक्षय श्रीवास्तव ने बताया कि यूरोलॉजी विभाग में सीलिंग गिरने की घटना की जानकारी मिली है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। संबंधित टीम से मामले की जानकारी ली जा रही है। सीलिंग किस वजह से गिरी, इसकी जांच कराई जाएगी और आवश्यक सुधार कार्य कराया जाएगा।