Tuesday, 22 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

लोहरदगा में पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ मना करम पर्व

INT News22 September 2026 at 02:43 pm

लोहरदगा: मंजूरमती हाई स्कूल, महादेव आश्रम में करम पर्व पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करना था.

करम डाल की स्थापना कर हुई पूजा-अर्चना

कार्यक्रम की शुरुआत करम डाल की स्थापना और पूजा-अर्चना के साथ हुई. शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने करम देव की पूजा कर सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छी फसल की कामना की. इस दौरान विद्यार्थियों को करम पर्व से जुड़ी लोककथा सुनायी गयी. साथ ही पर्व के धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी गई.

ये भी पढ़ें- Lohardaga: चोरी की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, थाना प्रभारी समेत पुलिसकर्मियों से मारपीट

संस्कृति और परंपरा को आगे बढ़ाने का संदेश

विद्यालय के सचिव मदन मोहन पांडेय ने कहा कि करम पर्व झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और प्रकृति से जुड़ी परंपराओं का महत्वपूर्ण प्रतीक है. यह पर्व आपसी प्रेम, भाईचारा, सामुदायिक एकता और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश देता है. उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी संस्कृति और परंपराओं को जानने तथा उन्हें आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया.

पारंपरिक वेशभूषा में विद्यार्थियों ने किया नृत्य

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में करम गीत और लोकनृत्य प्रस्तुत किये. विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया और विद्यालय परिसर झारखंड की लोक संस्कृति के रंग में रंग गया. मौके पर विद्यालय की प्राचार्या मनोज्ञा पांडेय, बाल विद्यावेशम की प्राचार्या रीता पांडेय समेत सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थीं. कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

ये भी पढ़ें- सफाई कर्मियों को 3 माह से नहीं मिला वेतन, 24 सितंबर से अनिश्चितकालीन धरने की दी चेतावनी