समाचार · हरियाणा
हिसार में दो तुर्की मेड पिस्टल-75 जिंदा कारतूस मिले:CIA ने गश्त के दौरान सातरोड़ कलां से आरोपी पकड़ा, 15 मामले पहले से दर्ज
हिसार सीआईए मिल गेट पुलिस ने सातरोड़ कलां से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से दो तुर्की पिस्तौल, 75 जिंदा कारतूस और तीन मैगजीन बरामद हुई हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सदर हिसार थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, सीआईए मिल गेट की टीम सातरोड़ कलां इलाके में गश्त कर रही थी और अपराधियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान टीम को आरोपी के बारे में गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। नियमों के तहत तलाशी लेने पर उसके पास से ये हथियार और कारतूस मिले। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान उससे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि बरामद हथियार, कारतूस और मैगजीन वह कहां से लेकर आया था। हथियारों के नेटवर्क का पता लगाएगी पुलिस पुलिस यह भी पता लगाएगी कि इनका मकसद क्या था और हथियारों से जुड़े नेटवर्क में कोई और व्यक्ति शामिल है या नहीं। एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि अवैध हथियार अपराध की जड़ हैं। अवैध हथियारों के दम पर समाज में डर फैलाने या अपराध करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपी पर 15 केस पहले से दर्ज पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ 2017 से 2026 तक कुल 15 मामले दर्ज हैं। इनमें हिसार के सदर और सिविल लाइन थाने, पंजाब के मुनक थाने, राजस्थान के करधानी जयपुर थाने, हांसी के नारनौद थाने, जींद के उचाना थाने और गोहाना के सिटी थाने में दर्ज मामले शामिल हैं। इन मामलों में आर्म्स एक्ट के साथ-साथ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, अपहरण और मारपीट जैसी अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज हैं। सबसे नया मामला 1 अप्रैल 2026 को हिसार के सदर थाने में धारा 110/115/3(5), 351(3) बीएनएस और 25(1B)(a)(a) आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ था।