Tuesday, 22 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचे 71 साल के बुजुर्ग:बोले- पांच बार आ चुका; कुछ नहीं हुआ, मेरे शिकायती आवेदन वापस दे दें

INT News22 September 2026 at 03:46 pm

सीधी जिला पंचायत सभागार में मंगलवार को हुई जनसुनवाई में एक अजीब मामला सामने आया। रामपुर नैकिन नगर पंचायत के 71 साल के रामलाल गुप्ता अपनी समस्या के समाधान की मांग लेकर नहीं, बल्कि अब तक दिए गए सभी आवेदन वापस लेने पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर को लिखित आवेदन देकर कहा कि वह कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसलिए अब वह अपने सभी आवेदन वापस लेना चाहते हैं। रामलाल गुप्ता का कहना है कि वह पिछले करीब दो साल से अपनी जमीन से जुड़ी समस्या को लेकर परेशान हैं। उन्होंने जनसुनवाई में करीब पांच बार आवेदन दिए हैं। इसके अलावा कलेक्टर, तहसीलदार और एसडीएम को भी लिखित शिकायतें दी हैं। उन्होंने बताया कि वह करीब 50 किलोमीटर दूर से बार-बार अधिकारियों के पास आते रहे, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका। क्या है मामला रामलाल के मुताबिक, उन्होंने एक जमीन खरीदी थी। उस पर पुष्पराज गुप्ता और रामलखन गुप्ता मकान बना रहे थे, जिसकी उन्होंने शिकायत की थी। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद निर्माण रोकने या मामले में कार्रवाई को लेकर कोई कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके आवेदनों पर कार्रवाई नहीं होती और अधिकारी मौके पर जांच करने नहीं पहुंचते। तहसीलदार ने बताई दूसरी बात तहसीलदार आशीष मिश्रा ने आवेदक के आरोपों से अलग बात बताई। उन्होंने कहा कि आवेदक सरकारी जमीन की मांग कर रहे हैं, जो उन्हें नहीं दी जा सकती। तहसीलदार ने बताया कि कई बार आरआई और पटवारी को मौके पर भेजा गया है। उनके अनुसार, जितनी बार टीम मौके पर गई, आवेदक को पूरी बात समझाकर संतुष्ट किया गया। इसके बावजूद आवेदक लगातार शिकायत कर रहे हैं। कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश कलेक्टर विकास मिश्रा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने तहसीलदार को जांच के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की शिकायत सही पाई जाती है, तो नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी और समस्या का समाधान कराया जाएगा।