समाचार · मध्य प्रदेश
बालाघाट में 7 स्कूल वाहनों पर चालानी कार्रवाई:बिना फिटनेस और परमिट चल रहे थे, जब्त कर थाने ले गई पुलिस
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर बालाघाट में यातायात पुलिस ने स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर सात से अधिक स्कूली वाहनों को जब्त कर थाने में खड़ा कराया गया। जांच में पाया गया कि कई निजी वाहन भी स्कूली वैन के रूप में संचालित हो रहे थे। पुलिस ने इन वाहनों के परिवहन नियमों से संबंधित दस्तावेजों की गहनता से जांच की। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सात वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई और उन्हें आवश्यक कागजात बनवाने के निर्देश दिए गए। चार वाहनों में फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं था, जबकि तीन अन्य स्कूली वैन में प्राथमिक उपचार किट (फर्स्ट एड बॉक्स) और अग्निशमन यंत्र जैसी अनिवार्य सामग्री मौजूद नहीं थी। इन तीन वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 15,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया, जिसे सरकारी खाते में जमा कराया गया। यातायात पुलिस थाना उपनिरीक्षक दिनेश तिवारी ने बताया कि वाहनों के दस्तावेजों जैसे फिटनेस, बीमा (इंश्योरेंस), परमिट और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसी) की जांच में खामियां मिलने पर चालान काटे गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले यातायात पुलिस 27 विद्यालयों को सुरक्षा संबंधी नोटिस जारी कर चुकी थी, इसके बावजूद वाहनों में सुधार न होने पर अब चालानी कार्रवाई शुरू की गई है। यह भी सामने आया है कि बालाघाट में कई स्कूली वाहन पिछले 10 वर्षों से बिना परमिट के चल रहे थे। हालांकि, वाहन चालकों का दावा है कि उनके पास बीमा, फिटनेस और पीयूसी जैसे अन्य दस्तावेज थे, जिससे बिना परमिट के इन दस्तावेजों के बनने पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। यातायात विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल तात्कालिक नहीं है, बल्कि जांच निरंतर जारी रहेगी। अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज लेकर चलें, ताकि उन्हें अनावश्यक कार्रवाई का सामना न करना पड़े।