समाचार · मध्य प्रदेश
डॉक्टर की अपॉइंटमेंट के नाम पर महिला से ठगी:जबलपुर में वॉट्सऐप पर भेजी APK फाइल, डाउनलोड करते ही मोबाइल हैक; 51,699 रुपए निकाले
जबलपुर में डॉक्टर की अपॉइंटमेंट बुक कराने के नाम पर एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। जालसाजों ने वॉट्सऐप पर एपीके (APK) फाइल भेजकर उनका मोबाइल हैक कर लिया और बैंक खाते से 51,699 रुपए निकाल लिए। मामले में अधारताल थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अधारताल थाना क्षेत्र की धनी की कुटिया रोड निवासी 44 वर्षीय कनक खेमचंदानी ने 20 जुलाई को साइबर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 12 जुलाई को डॉक्टर की अपॉइंटमेंट बुक कराने के लिए एक नंबर पर कॉल किया था। कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने मरीज की जानकारी लेकर अपॉइंटमेंट बुक होने की बात कही। वॉट्सऐप पर एपीके फाइल भेजी आरोपी ने मरीज की जानकारी जांचने के बहाने वॉट्सऐप पर एक APK फाइल भेजी। पीड़िता ने जैसे ही फाइल डाउनलोड कर खोली, उसमें मरीज की जानकारी दिखाई देने लगी। उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि फाइल के जरिए उनका मोबाइल हैक किया जा चुका है। पारिवारिक कारणों से महिला 13 जुलाई को डॉक्टर के पास नहीं जा सकी। 17 जुलाई की सुबह करीब 7:50 बजे उनके मोबाइल पर बैंक खाते से पैसे कटने के मैसेज आए। जांच करने पर पता चला कि उनके कैनरा बैंक खाते से 50,000 रुपए 'लकी ईएनटी यूपी ग्रामीण बैंक' और 1,699 रुपए 'सूरज कुमार - पंजाब नेशनल बैंक' के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। इस तरह 51,699 रुपए की ठगी हो गई। बैंक ने बताया एपीके फाइल से हुई ठगी बैंक पहुंचकर जानकारी लेने पर पता चला कि वॉट्सऐप पर भेजी गई APK फाइल डाउनलोड करने के कारण मोबाइल हैक हुआ और उसी के जरिए बैंक खाते से रकम निकाली गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर साइबर फ्रॉड की जांच शुरू कर दी है। सावधानी जरूरी साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई किसी भी फाइल को डाउनलोड न करें। डॉक्टर की अपॉइंटमेंट, बैंक केवाईसी, बिजली बिल या अन्य सेवाओं के नाम पर भेजे गए ऐसे लिंक और फाइलें साइबर ठगी का माध्यम हो सकती हैं।