समाचार · मध्य प्रदेश
जबलपुर में स्कूटी लूटने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार:वारदात में प्रयुक्त वाहन, कट्टा और कारतूस भी बरामद
घमापुर थाना पुलिस ने खारी विसर्जन कार्यक्रम के दौरान कट्टा अड़ाकर स्कूटी छीनने की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई एक्सिस स्कूटी, घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल, एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। यह घटना 18 जुलाई की दोपहर की है। समदड़िया ग्रीन सिटी निवासी धर्मपाल सिंह राजपूत (56) करिया पाथर मरघटाई के पास खारी उठाने पहुंचे थे। तभी बाइक पर सवार तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया और कट्टा अड़ाकर उनकी एक्सिस स्कूटी (MP 20 ZB 2684) छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की। राम मंदिर मैदान से दो आरोपियों, साहिल सेन (19) और राज सोनकर (21) को हिरासत में लिया गया। कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने अपने साथी सम्मान रैकवार के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी सम्मान रैकवार (19) को जवाहर स्कूल, टेस्टिंग रोड के पास एक मैदान से गिरफ्तार किया। उसके पास से देशी कट्टा और कारतूस जब्त किए गए। सम्मान रैकवार की निशानदेही पर खंडहर भवन में छिपाई गई चोरी की स्कूटी भी बरामद कर ली गई। तीनों आरोपियों सम्मान रैकवार, साहिल सेन और राज सोनकर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।