समाचार · मध्य प्रदेश
श्योपुर जनसुनवाई में आए 195 आवेदन:दिव्यांगों को बस किराए में 50% छूट के निर्देश; मनपसंद दुकानों से किताबें दिलाने पर होगी कार्रवाई
श्योपुर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कुल 195 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर शीला दाहिमा ने अधिकारियों को आवेदनों का संवेदनशीलता से निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संबल और पीएम श्रम मानधन योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं में पात्र हितग्राहियों के पंजीयन के लिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी आवेदनों को जन आकांक्षा पोर्टल पर दर्ज करने को कहा। दिव्यांगों को बस किराए में 50 प्रतिशत रियायत देने के आदेश मसालदार मोहल्ला निवासी दिव्यांग प्रदीप कुमार की शिकायत पर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने सामाजिक न्याय विभाग और आरटीओ (RTO) को निर्देश दिए कि यूडीआईडी (UDID) कार्डधारी दिव्यांगों को बसों में नियम अनुसार 50% किराया छूट सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में सभी बस संचालकों को निर्देश जारी करने के आदेश दिए गए। चुनिंदा दुकानों से किताब खरीदने के दबाव पर होगी कार्रवाई ग्राम जैदा निवासी अनिल सुमन की शिकायत पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी यश जैन को निजी स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो निजी स्कूल अभिभावकों को विशेष दुकानों से पुस्तकें खरीदने के लिए बाध्य कर रहे हैं, उन पर शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाए। बंद पड़ी पेंशन चालू करने और अनुग्रह सहायता देने के निर्देश जनसुनवाई के दौरान 19 वर्षीय दिव्यांग मनीष बैरवा का स्थायी दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाकर बंद पड़ी पेंशन शुरू करने और रामनाथी बैरवा की खाद्यान्न पर्ची व बीपीएल सूची में नाम जोड़ने के निर्देश दिए गए। वहीं मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के तहत मीनाज बानो को 2 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि दिलाने के लिए प्रक्रिया पूरी करने की बात कही गई।